दो पुलिसकर्मियों पर बयान दर्ज कराने गई पीड़िता संग दुराचार का आरोप, युवती ने रो-रोकर सुनाई आपबीती
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एक युवती ने सिडकुल पुलिस के दो कांस्टेबलों पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए इंसाफ दिलाने की गुहार लगाई है। युवती का आरोप है कि हरिद्वार पुलिस के आला अफसर भी उसकी शिकायत पर सुनवाई करने की बजाय पुलिसकर्मियों को संरक्षण दे रहे हैं।
इधर, एसओ सिडकुल देवराज शर्मा ने आरोपों को पूरी तरह से खारिज किया है। सोमवार को प्रेस क्लब में खुद को पीड़िता बता रही युवती ने सिडकुल पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। बकौल युवती उसने जून माह में एक युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाते हुए सिडकुल थाने में मुकदमा दर्ज कराया था।
आरोप है कि उसी जांच के सिलसिले में उसकी मुलाकात एक दारोगा से हुई। दारोगा ने उसे एक दिन पुलिस लाइन के पास बयान लेने की बात कहकर बुलाया। आरोप है कि दारोगा के साथ मौजूद रहे दो कांस्टेबल ने जबरन झाड़ियों में खींचकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
तब से वह पुलिसवालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर उच्च अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर काट रही है, लेकिन उसकी शिकायत पर सुनवाई नहीं हो रही है। इधर, एसओ सिडकुल देवराज शर्मा ने बताया कि युवती के आरोप निराधार है।
युवती ने जिस युवक के खिलाफ केस दर्ज कराया था, उसी को क्लीन चिट देते हुए कोर्ट में बयान दर्ज कराए थे। अब युवती मुकदमे की फिर से जांच करने का दबाव बना रही है। सिपाहियों पर लगाए गए आरोप पूरी तरह से गलत हैं। वहीं एसपी सिटी ममता वोहरा ने बताया कि मीडिया के माध्यम से उनके संज्ञान में यह मामला आया है, इसकी जांच कराई जाएगी।