किशोरी से दुष्कर्म कर बनाई अश्लील वीडियो, फिर कई बार किया ब्लैकमेल
रुड़की में किशोरी को प्रेम जाल में फंसाकर एक युवक ने उसके साथ दुष्कर्म कर मोबाइल से अश्लील वीडियो बना ली। इसके बाद आरोपी ने सोशल मीडिया पर वीडियो को वायरल करने की धमकी दी और ब्लैकमेल कर कई बार दुष्कर्म किया।
किशोरी ने मामले की जानकारी अपने परिजनों को दी। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही किशोरी को मेडिकल के लिए भेजा है। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक गांव निवासी किशोरी को एक युवक ने अपने जाल में फंसा लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
अश्लील वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने लगा आरोपी
आरोप है कि युवक ने मोबाइल से किशोरी की अश्लील वीडियो बना ली। इसके बाद वह किशोरी को ब्लैकमेल करने लगा। आरोपी अश्लील वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने लगा। किशोरी ने विरोध किया तो युवक उस पर दबाव बनाने लगा। वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर कई बार दुष्कर्म किया।
पीड़ित किशोरी ने घटना की बाबत परिजनों को जानकारी दी। परिजनों ने कोतवाली पहुंचकर आरोपी युवक के खिलाफ तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि तहरीर के आधार पर इब्राहिमपुर निवासी नीरज व सुरेश के खिलाफ दुष्कर्म व पोक्सो के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।