छात्रवृत्ति घोटाला: दो कॉलेज समेत चार बिचौलियों पर मुकदमा, फर्जी दस्तावेजों से हड़पी छात्रवृत्ति
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड में दशमोत्तर छात्रवृत्ति घोटाले में पुलिस ने दो कॉलेज समेत चार बिचौलियों पर धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। एसआईटी निरीक्षक जीबी जोशी ने कोतवाली में दी तहरीर में कहा क्षेत्र के दो ब्लॉकों में रहने वाले ओबीसी के कुल 19 छात्रों, जिन्हें विवेकानंद कॉलेज ऑफ एजुकेशन रेवाड़ी हरियाणा में वर्ष 2014-15 में पढ़ता दर्शाया गया है। इनका भौतिक सत्यापन किया गया।
इनमें दो छात्र गलत पाए गए, जबकि 17 छात्रों के नाम-पते तस्दीक नहीं हुए। एक सत्यापित छात्र ने बताया मडुवाखेड़ा जसपुर निवासी जग्गा ने उसके शिक्षा संबंधी दस्तावेज अल्पसंख्यकों के लिए आई योजना के तहत छात्रवृत्ति दिलाने के नाम पर लिए थे।
प्रथमदृष्टया बिचौलिये के छात्रों को दूसरी योजनाओं का लाभ दिलाने, बेरोजगारी भत्ता दिलाने का आश्वासन और छात्रवृत्ति आवेदन फार्म तैयार कर कॉलेज के स्वामी और कर्मचारियों के साथ मिलकर फर्जी तरीके से छात्रवृत्ति आवंटित कराने का मामला सामने आया है।
इन लोगों ने फर्जी तरीके से राज्य सरकार के कुल आठ लाख 86 हजार 250 रुपये हड़प लिए। पुलिस ने विवेकानंद कॉलेज ऑफ एजुकेशन रेवाड़ी हरियाणा के प्रबंधक, मालिक और बिचौलिये जग्गा आदि पर केस दर्ज कर लिया है।
इधर, आईटीआई थाना में तहरीर देकर एसआईटी निरीक्षक जोशी ने कहा कि गणपति इंस्टीट्यूट एजुकेशन टेक्नोलॉजी महेंद्रगढ़ हरियाणा में वर्ष 2013-14 में दर्शाए गए सभी 15 छात्रों का भौतिक सत्यापन किया गया तो 11 छात्र गलत पाए गए।
जबकि चार छात्रों के नाम-पते तस्दीक नहीं हुए। एक सत्यापित छात्रा ने बताया कि उसने इस संस्थान से बीएड नहीं किया है। मडुवाखेड़ा जसपुर निवासी पाकेश ने सरकार की स्कीम के तहत इंटर पास करने वाले छात्रों को छात्रवृत्ति दिलाने के नाम से उसके शिक्षा संबंधी दस्तावेज लिए थे। एक छात्र ने बताया कि उसने भगवंतपुर जसपुर निवासी कमलजीत सिंह को अपने कागज दिए और छात्रवृत्ति आने पर उसे 10 हजार रुपये भी दिए। एक अन्य छात्र ने बताया कि उसके कागजात उदयराज ले गया था।
इन तीनों बिचौलियों ने कॉलेज के स्वामी, प्रबंधक और कर्मचारियों के साथ मिलकर कुल सात लाख 10 हजार 250 रुपये हड़प लिए। आईटीआई थाना पुलिस ने तीनों बिचौलियों समेत कॉलेज के स्वामी, प्रबंधक आदि पर केस दर्ज किया है।
छात्रवृत्ति घोटाले का आरोपी गिरफ्तार
छात्रवृत्ति हड़पने के मामले में एसआईटी ने महुवाडाबरा निवासी सिंटू चौहान को गिरफ्तार किया है। सिंटू पर अरावली कॉलेज नरनाल हरियाणा और यशवंत राव कॉलेज महाराष्ट्र के साथ संधि कर एक सुनियोजित तरीके से छात्रों के फर्जी दस्तावेज तैयार कर छात्रवृत्ति हड़पने का आरोप है। सोमवार को विवेचक ललित जोशी एवं जीएस अधिकारी ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।