खाई में समाई सैंट्रो कार, तीन की मौत, 2 घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नैनीताल के ज्योलीकोट-कर्णप्रयाग राष्ट्रीय राजमार्ग में गेठिया सेनीटोरियम के पास बृहस्पतिवार देर रात सेंट्रो कार 500 मीटर खाई में गिर गई। हादसे में मेहरौली दिल्ली निवासी तीन लोगों की मौत हो गई जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को हल्द्वानी भेजा गया है।
जानकारी के मुताबिक सेंट्रो कार (डीएल 2 सीएई-3949) में छतरपुर महरौली दिल्ली निवासी पांच लोग दिल्ली से रानीखेत जा रहे थे। हल्द्वानी-कर्णप्रयाग राष्ट्रीय राजमार्ग में गेठिया सेनीटोरियम के पहले कार करीब 500 मीटर खाई में जा गिरी।
घायलों के मुताबिक हादसा रात में 10 से 11 बजे के बीच हुआ। हादसे के पता शुक्रवार सुबह छह बजे तब चला जब मार्निंग वॉक पर निकाले एक व्यक्ति ने खाई से किसी के कराहने की आवाज सुनी। हादसे की जानकारी मिलने पर ज्योलीकोट चौकी प्रभारी मनव्वर सिंह जसणी, प्रमोद भट्ट, आरिफ तथा अन्य पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने गंभीर रूप से घायल वेद प्रकाश (37) तथा सुदेश ( 48) पुत्र श्याम नारायण को खाई से निकाल कर 108 एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए हल्द्वानी भेजा।
सुबह से शाम तक चला रेस्क्यू
इसके बाद गहरी खाई से शवों को निकालने का काम शुरू हुआ। नैनीताल से पहुंची रेस्क्यू टीम के जवानों ने करीब 4 घंटे के प्रयास के बाद स्थानीय लोगों व पुलिस कर्मियों की मदद से पहला शव खाई से निकाला।
दोपहर में पुलिस की क्रेन की मदद से दूसरा शव भी निकाल लिया गया। शाम को तीसरे व्यक्ति का शव को भी निकाल लिया गया। मृतकों की पहचान हरेंद्र, दिनेश और नितिन के रूप में हुई है। आशंका है कि ओवरस्पीड या चालक को झपकी आने से यह हादसा हुआ होगा।
पिकप खाई में गिरी, चालक की मौत
धारचूला (पिथौरागढ़)। बदहाल धारचूला-रांथी सड़क पर बृहस्पतिवार रात करीब 11 बजे पिकप के 200 मीटर खाई में गिरने से रांथी निवासी चालक हर गोविंद सिंह (32) की मौत हो गई। गोविंद धारचूला से रांथी जा रहा था।
पुलिस क्षेत्राधिकारी हिमांशु साह ने बताया कि वाहन में चालक के अलावा और कोई नहीं था। हरगोविंद ठेकेदार के पास काम करता था। बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ वहां पर सड़क धंसी हुई है। इस सड़क पर पहले भी हादसे हो चुके हैं। उल्लेखनीय है कि पिथौरागढ़ जिले में पिछले 24 दिन 5 हादसों में 17 लोगों की मौत हो चुकी है।