रुबी प्रकरण: एसएसपी करेंगे चार्जशीट की जांच
एलबीएस अकादमी के रूबी चौधरी प्रकरण में एसआईटी द्वारा लगाई चार्जशीट का एसएसपी ने विधिक परीक्षण शुरू करा दिया है। साक्ष्यों और रिपोर्ट पर मंथन के बाद ही चार्जशीट कोर्ट जाएगी।
यह भी हो सकता है कि खामियां मिलने पर इसे वापस विवेचक को भेजा जाए। उधर, रूबी के अधिवक्ता राजीव रतूड़ी का कहना है कि पहले दिन से पुलिस दबाव में काम कर रही है। चार्जशीट का अवलोकन करने के बाद वह अपनी आपत्ति दर्ज कराएंगे।
अकादमी में मुजफ्फरनगर की रूबी चौधरी के फर्जी प्रशिक्षु आईएएस के रूप में रहने के मामले में एसआईटी द्वारा लगाई गई चार्जशीट बुधवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऑफिस पहुंच गई। दिन भर चार्जशीट को लेकर माथापच्ची चलती रही। पर्यवेक्षण अधिकारी के रूप में एसएसपी पुष्पक ज्योति चार्जशीट का बारीकी से अवलोकन करेंगे।
जांच पर रूबी के वकील ने उठाए कई सवाल
उन्होंने बताया कि रूबी प्रकरण में चार्जशीट उन्हें मिल गई है। परीक्षण करने के बाद ही उसे कोर्ट भेजा जाएगा। इस प्रक्रिया में कई दिन भी लग सकते हैं। उधर, रूबी के अधिवक्ता राजीव रतूड़ी का कहना है कि चार्जशीट का अध्ययन करने के बाद वह कोर्ट में अपनी आपत्ति दर्ज कराएंगे।
उनका आरोप है कि पुलिस पहले दिन से दबाव में है, इस कारण उन्हें न्याय की उम्मीद कम ही है। उन्होंने बताया कि आरटीआई के तहत पुलिस मुख्यालय से यह जानकारी मांगी गई है कि जांच में इतने विवेचक क्यों बदले गए और एसआईटी का गठन किस आधार पर किया गया है। हालांकि अभी तक इसका जवाब नहीं मिल सका है।
बंद मिला रूबी का मोबाइल
अधिवक्ता राजीव रतूड़ी ने अकादमी प्रकरण में चार्जशीट आने पर बुधवार को रूबी चौधरी से संपर्क साधने की कोशिश की, लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ होने के कारण बात नहीं हो सकी है। चार्जशीट कोर्ट में दाखिल होने के बाद रूबी भी इस मामले में अपना पक्ष रख सकती है।