रुड़की: महिला सिपाही की मौत की जांच को झबरेड़ा पहुंची सीबीसीआईडी, पुलिसकर्मियों के बयान दर्ज
- सीबीसीआईडी ने झबरेड़ा थाने में एसओ समेत कई पुलिस वालों के दर्ज किए बयान
- टीम ने करीब तीन घंटे तक की पूछताछ, केस से संबंधित दस्तावेजों को भी खंगाला
- टीम के आने से थाने के स्टाफ के अटकी सांसे, पांच जुलाई को की थी आत्महत्या
विस्तार
रुड़की के झबरेड़ा थाने में एक महिला सिपाही के सरकारी आवास में फांसी लगाकर आत्महत्या करने के मामले में सीबीसीआईडी की टीम ने झबरेड़ा थाने पहुंचकर तमाम बिंदुओं पर जांच की। इस दौरान टीम ने एसओ समेत कई पुलिसकर्मियों से मामले की जानकारी लेते हुए बयान दर्ज किए। साथ ही आत्महत्या से जुड़े केस से संबंधित दस्तावेजों की गहनता से जांच की। सीबीसीआईडी टीम के जांच के लिए आने से थाने के स्टाफ की सांसे अटकी रही। टीम ने इस बीच महिला सिपाही के सरकारी आवास को खुलवाकर भी जांच की।
देहरादून जिले के त्यूनी क्षेत्र स्थित भाटघड़ी की रहने वाली (24) महिला कांस्टेबल मंजीता चौहान ने पांच जुलाई की रात को झबरेड़ा थाना परिसर स्थित अपने सरकारी आवास में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मृतका के परिजनों ने पुलिस अधिकारियों के सामने कड़ा आक्रोष जताया था। साथ ही सिविल लाइंस कोतवाली में तैनात एक सिपाही पर मृतका का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया था।
इसके अलावा थानाध्यक्ष की भूमिका पर सवाल उठाते हुए जांच कर कार्रवाई की मांग की थी। झबरेड़ा थाने में सिविल लाइंस कोतवाली में तैनात रहे सिपाही परवेंद्र असवाल के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और एससी एसटी के तहत केस दर्ज कर लिया था। इस मामले में परिजनों ने सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत से मिलकर सीबीसीआईडी से जांच कराने की मांग की थी। इसके बाद मामले की जांच सीबीसीआईडी को सौंप दी गई थी।
मंगलवार को देहरादून से सीबीसीआईडी की एक टीम झबरेड़ा थाने पहुंची। टीम को देखकर थाने के स्टाफ के होश उड़ गए। टीम ने एसओ रविंद्र कुमार से जानकारी ली। साथ ही केस से जुड़े सभी दस्तावेजों और महिला सिपाही के आवास की बारीकि से जांच की। टीम ने करीब तीन घंटे थाने में बिताए। एसपी देहात एसके सिंह ने बताया कि मामले की जांच सीबीसीआईडी कर रही है। इसलिए टीम जांच को झबरेड़ा थाने पहुंची है।
सिपाही के रिलीव संबंधी ली जानकारी
महिला कांस्टेबल झबरेड़ा थाने से रुड़की सिविल लाइंस कोतवाली में स्थानांतरण के आदेश हो चुके थे। इसके बाद महिला सिपाही सिविल लाइंस कोतवाली आने का प्रयास कर रही थी, लेकिन स्टाफ की कमी बताकर झबरेड़ा के एसओ ने उन्हें रिलीव नहीं किया था। अब सीबीसीआईडी इस मामले को लेकर भी जांच कर रही है। इस संबंध में टीम ने एसओ से जानकारी ली।
मीडिया से बनाए रखी दूरी
सीबीसीआईडी की टीम ने मंगलवार को झबरेड़ा थाने पहुंचकर सिपाही की मौत संबंधी जांच की। इस दौरान कुछ मीडियाकर्मी थाने पहुंचे और फोटो करने लगे। इस पर टीम ने आपत्ति जताई और फोटो न करने की बात कही। इस बीच मीडियाकर्मियों ने बातचीत करने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने किनारा कर लिया।