इस दिलेर बेटी के जवाब से सूखे बैंक लूटने आए लुटेरे का हलक
देहरादून के बंजारावाला स्थित यूको बैंक को लूटने की कोशिश बैंक में कार्यरत महिला बैंक कर्मी ने लुटेरे की पिस्टल के नकली होने का भेद बेहद जल्दी भांप लिया।
इसका अंदाजा बैंक लूटने आए बदमाश को नहीं था। गोली मारने की धमकी के बदले उसे मिताली से ‘मारो गोली’ जैसे जवाब की उम्मीद बिल्कुल भी नहीं थी।
मिताली शाह ने बताया कि पिस्टल नकली होने का पता चलते ही उसने बदमाश से मुकाबला करने की ठान ली थी। साथी महिला कर्मियों ने भी उसके इशारे को समझकर सायरन बजाकर उसके पैर उखाड़ दिए।
बैंक कर्मी मिताली शाह, मंजुलिका शर्मा और पूजा सिंघल ने बैंक लूट के बारे में काफी कुछ सुन रखा था। पर पहली बार लुटेरे से उनका आमना-सामना हुआ। बैंक मैनेजर अमित अग्रवाल किसी काम से बाहर गए थे। इसी कारण बैंक में सिर्फ तीन महिला कर्मचारी ही थीं।
बैंक में नहीं कोई गार्ड
पौने एक बजे के करीब यह बदमाश हेलमेट लगाकर बैंक के भीतर आया और रेकी करने के बाद निकल गया। हेलमेट पहने यह युवक कुछ ही पलों में लौटकर आया और मिताली शाह पर पिस्टल तान दी। मिताली के मुताबिक वह पिस्टल देख बेहद डर गईं थी और लुटेरे के कहने पर काले बैग में कैश डालना शुरू कर दिया।
इसी बीच उसकी निगाह पिस्टल पर गई तो उसकी नाल खिलौने जैसी लगी। वो सारा माजरा समझ गई और बदमाश पर हावी हो गईं। वहीं मंजुलिका ने बताया कि मिताली के विरोध के बीच मौका मिलते ही उन्होंने सायरन बजा दिया।
लुटेरा उल्टे पैर हुआ तो तीनों ने उसका पीछा किया। पूजा कहती हैं कि यह सब बुरे सपने से कम नहीं है, बस खुशी इस बात की है कि उनके प्रयासों से सरकारी रकम लुटने से बच गई।
यूको बैंक की इस शाखा में कोई गार्ड नहीं है। बाहरी बस्ती के इस बैंक में काफी समय से गार्ड तैनात किए जाने की मांग की जाती रही है, लेकिन उसे अब तक तवज्जों नहीं मिल सकी। उम्मीद जताई जा रही है कि इस घटना के बाद बैंक सबक लेकर यहां गार्ड तैनात करेगा।