उत्तराखंड में आज से थम जाएंगे 70 फीसदी बसों के पहिये
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एक सूत्री मांग को लेकर उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन की हड़ताल के चलते आज से सूबे में करीब 70 प्रतिशत बसों के चक्के थम जाएंगे। संगठन के महामंत्री अशोक चौधरी ने बताया कि सरकार और निगम प्रबंधन की ओर से कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया। लिहाजा बृहस्पतिवार से हड़ताल का फैसला लिया गया है। वहीं, बसों का संचालन बंद होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
अशोक चौधरी ने कहा कि हमारी एकमात्र मांग आउटसोर्स कर्मचारियों को विनियमित करने की है। बीते 16 अक्तूबर को भी मांग को लेकर बसों का संचालन बंद किया गया था। इसके बाद भी शासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। ऐसे में आज से सूबे में 70 प्रतिशत बसों का संचालन बंद किया जाएगा।
इस दौरान कर्मचारी कार्य बहिष्कार पर रहेंगे। उन्होंने कहा कि महाप्रबंधक संचालन मांगों पर गोलमोल जवाब दे रहे हैं। जब तक स्थिति एकदम साफ नहीं होगी, हड़ताल जारी रहेगी। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष कमल पपनै, मुकेश वर्मा, रामअवध यादव, बलदेव सिंह, हरेंद्र कुमार, मो. जमील खां आदि मौजूद रहे।
यूनियन ने आरएम कार्यालय पर भरी हुंकार
उत्तराखंड रोडवेज इंप्लाइज यूनियन ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत बुधवार को गांधी रोड स्थित मंडलीय प्रबंधक कार्यालय पर धरना दिया। इस दौरान कर्मियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर आक्रोश जताया। उन्होंने मांगें जल्द पूरी नहीं होने पर 28 नवंबर को परिवहन निगम मुख्यालय पर धरना देने का एलान किया।
वक्ताओं ने आउससोर्स के जरिये कार्यरत चालक, परिचालक, तकनीकी और उपनल के माध्यम से तैनात कार्मिकों को विभागीय संविदा का शासनादेश जारी करने की मांग की। साथ ही निगम प्रबंधन के साथ पूर्व में हुए समझौतों का क्रियान्वयन न होने पर रोष जताया।
27 तक मांगों को पूरा न करने पर 28 को निगम मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया। वहीं, बृहस्पतिवार से शुरू हो रहे उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन के कार्य बहिष्कार को समर्थन देने का भी निर्णय लिया गया।
अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष इंद्रपाल व संचालन प्रांतीय उपाध्यक्ष भोला जोशी ने किया। मौके पर रवि पचौरी, रविंद्र सिंह भगत, रमेश कुमार, डीपी डिमरी, पंकज जौहर, हरि सिंह, मोहन सिंह रावत, सुदेश कुमार, दीपचंद, देवपाल, अजय कुमार, धर्मवीर सिंह, सुनील कुमार, मोहन सिंह राजपाल, बिजेंद्र बिष्ट, निर्मल, प्रदीप कुमार, सोहन सिंह, अमित कुमार, किशन गोपाल, महेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।
वार्ता विफल, कल करेंगे हड़ताल
रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद और मंडलीय प्रबंधक, संचालन के बीच बुधवार को हुई वार्ता विफल हो गई। प्रतिनिधिमंडल ने माह की प्रथम तारीख को वेतन देने, चालकों के खाली पदों को भरने, ट्रांसपोर्ट नगर देहरादून से बसों का संचालन शुरू करने समेत 13 मांगें रखी। जिस पर परिषद और निगम प्रबंधन के बीच सहमति नहीं बनी।
इसके बाद परिषद ने 25 नवंबर को होने वाली हड़ताल को यथावत रखने का निर्णय लिया। साथ ही चालकों की कमी को पूरा नहीं करने पर 28 से चक्काजाम करने का निर्णय लिया।
वार्ता के दौरान निगम प्रबंधन की ओर से मंडलीय प्रबंधक संचालन अनूप रावत, सहायक महाप्रबंधक कार्मिक क्रांति सिंह, सहायक महाप्रबंधक वित्त भूपेंद्र कुमार मौजूद थे। वहीं, संगठन की ओर से प्रेम सिंह रावत, क्षेत्रीय अध्यक्ष दिनेश पंत, विपिन बिजल्वाण, अनुराग नौटियाल, मोहित कपिल, नवीन कुकरेती आदि उपस्थित रहे।