राधे मां नहीं कर सकेंगी नासिक कुंभ में शाही स्नान, ये है वजह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राधे मां नासिक कुंभ के शाही स्नान में भाग नहीं लेंगी। अखाड़े ने उन्हें नासिक आने के लिए कोई निमंत्रण ही नहीं दिया है। जूना पीठाधीश्वर की ओर से निलंबन पर पुष्टि की मुहर लगाने के बाद अखाड़े के किसी संत को राधे मां के बारे में बयान देने का अधिकार नहीं है।
जूना अखाड़े अंतरराष्ट्रीय संरक्षक एवं अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री श्रीमहंत हरि गिरि ने नासिक से दूरभाष पर बताया कि राधे मां के महामंडलेश्वर पद को तीन वर्ष पूर्व कार्यकारिणी ने निलंबित कर दिया था।
उसके बाद से आज तक इस प्रश्न को लेकर कार्यकारिणी की कोई बैठक नहीं हुई। राधे मां का पद आज भी निलंबित है। वह जूना अखाड़े के साथ कुंभ के किसी भी शाही स्नान में भाग नहीं ले सकतीं। न अखाड़े की ओर से उन्हें कोई निमंत्रण भेजा गया है।
'मीडिया में दी जा रही जानकारियां भ्रामक'
हरि गिरि ने कहा कि मीडिया में इस संबंध में भ्रामक जानकारियां दी जा रही हैं। जूना पीठाधीश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि पहले ही कह चुके हैं कि राधे मां निलंबित हैं। ऐसे में जूना अखाड़े के किसी भी अन्य संत या महामंडलेश्वर को राधे मां के बारे में वक्तव्य देने का अधिकार नहीं है।
श्रीमहंत हरि गिरि ने बताया कि नासिक में होने वाले शाही स्नानों में अन्य सभी महामंडलेश्वर गाजे-बाजे के साथ शामिल होंगे। सभी के लिए रथ निर्धारित हैं। राधे मां के लिए ऐसी कोई व्यवस्था अखाड़े की ओर से नहीं की गई है।