प्रॉपर्टी डीलर ने खुद को गोली से उड़ाया, टुकटुक चालक की मौत के बाद तनाव में की आत्महत्या
कार की टक्कर से टुकटुक चालक की मौत और मृतक के आश्रितों की ओर से बुधवार को 20 लाख के क्लेम का नोटिस मिलने पर मानसिक रूप से तनाव में आए प्रॉपर्टी डीलर ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से तमंचा बरामद कर लिया, जबकि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
ऊर्जा निगम से सेवानिवृत्त लाइनमैन नरी चंद का रुद्रपुर मार्ग पर देना बैंक के पास आवास है। बृहस्पतिवार सुबह लगभग 7:30 बजे नरी चंद के बेटे मुकेश चंद (33) के कमरे से फायर की आवाज सुनाई दी। इस पर मां बसंती देवी और पिता नरी चंद मुकेश के कमरे में पहुंचे। वहां खून से लथपथ मुकेश का शव पड़ा था। कुछ ही देर में वहां पर भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना पर कोतवाल उमेश कुमार मलिक, उपनिरीक्षक राजेंद्र प्रसाद मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मौका मुआयना किया। मुकेश की पैरों के बीच 315 बोर का तमंचा पड़ा था। कोतवाल ने बताया कि मुकेश ने अपने माथे से सटाकर फायर किया था, जिससे उसका सिर का हिस्सा काफी फट गया था। कोतवाल मलिक ने बताया कि घटनास्थल पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दुर्घटना में टुकटुक चालक के मरने से परेशान था मुकेश
एसआई राजेंद्र प्रसाद ने परिजनों के हवाले से बताया कि आठ अगस्त को मुकेश अपने किसी दोस्त की एक्सयूवी कार से खटीमा गया था। कार को मुकेश चंद चला रहा था। रास्ते में कार की टक्कर से एक टुकटुक चालक की मौत हो गई थी। तब से मुकेश मानसिक रूप से परेशान चल रहा था।
बुधवार को मुकेश को इस दुर्घटना के मामले में 20 लाख के क्लेम का नोटिस मिला था। नोटिस मिलने के बाद मुकेश काफी परेशान था। रात को वह सामान्य दिनों की तरह सोया था। अनुमान लगाया जा रहा है कि नोटिस मिलने के बाद ही उसने आत्महत्या का निर्णय लिया और सुबह तड़के उसने खुद को गोली मार दी।
घर पर मचा कोहराम
सेवानिवृत्त लाइनमैन नरी चंद कई साल से रुद्रपुर मार्ग के पास बनी कॉलोनी में अपने दो बेटों और तीन पुत्रियों के साथ रह रहे हैं। मृतक मुकेश प्रॉपर्टी डीलिंग के अलावा ठेकेदारी का काम करता था। उनका छोटा बेटा योगेश किसी पारिवारिक काम से सोनीपत गया था। मुकेश का शव आवास पर लाया गया तो उसकी मां, बहनों का रोरोकर बुरा हाल है। देर शाम उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।