उत्तराखंड उदय में पारंपरिक परिधान दिलाएंगे इनाम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राज्य स्थापना दिवस सप्ताह के दौरान पांच नवंबर को होने वाले सम्मान समारोह में न केवल सांस्कृतिक विरासत से रूबरू होने का मौका मिलेगा, बल्कि आप भी अपनी संस्कृति का प्रस्तुतिकरण देकर विजेता बन सकते हैं। विकास फाउंडेशन और अमर उजाला के खास ‘प्रथम उत्तराखंड उदय सम्मान एवं सांस्कृतिक महोत्सव’ में उत्तराखंड के पारंपरिक परिधानों से पुरस्कार जीतने के मौके मिलेंगे।
विकास फाउंडेशन के अध्यक्ष विकास नेगी ने बताया कि अमर उजाला के साथ मिलकर उनका मकसद प्रदेश के बच्चों, युवाओं, बुजुर्गों और महिलाओं को सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराना है। इसलिए ‘प्रथम उत्तराखंड उदय सम्मान एवं सांस्कृतिक महोत्सव’ में प्रदेश के पारंपरिक परिधानों को पहनकर आने वालों को पुरस्कार जीतने के मौके मिलेंगे।
पहले पुरस्कार उन तीन महिला और तीन पुरुषों को दिए जाएंगे, जो कि बेस्ट उत्तराखंड परिधानों में सजकर आएंगे। दूसरे, पुरस्कार के लिए मॉडलिंग शो होगा। इसमें केवल वही युवक-युवतियां हिस्सा ले सकते हैं, जो कि पारंपरिक वेशभूषा पहनकर समारोह में आएंगे। विकास नेगी ने बताया कि उनका मकसद महिला, बुजुर्गों, बच्चों और युवाओं को प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत से सीधे जोड़ना है। समारोह में सीएम हरीश रावत विभिन्न क्षेत्र में प्रदेश के विकास में योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित करेंगे।
यह बिखेरेंगे आवाज का जादू
महोत्सव की शुरुआत जागर साम्राज्ञी बसंती बिष्ट जागर से करेंगी। समारोह में सुर सम्राट नरेंद्र सिंह नेगी, कुमाऊंनी लोक गायक हीरा सिंह राणा, जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण, किशन महिपाल, संगीता ढौंडियाल, जौनसारी लोक गायक सनी दयाल और रेशमा शाह अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे। यू ट्यूब स्टार शास्वत जे पंडित का आधुनिक अंदाज भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।
ऐसे बन सकते हैं मॉडलिंग शो का हिस्सा
प्रथम उत्तराखंड उदय सम्मान एवं सांस्कृतिक महोत्सव में पारंपरिक मॉडलिंग शो का अगर आप भी हिस्सा बनना चाहते हैं तो इसके लिए मोबाइल नंबर 9760757378 पर वॉट्सएप मैसेज में अपना नाम और किस परिधान में आएंगे, इसकी जानकारी लिखकर भेजें। कैटवॉक के लिए पंजीकरण निशुल्क होगा। सर्वश्रेष्ठ तीन विजेताओं को आकर्षक उपहार दिए जाएंगे।
कटेगा 17 फिट का केक
प्रथम उत्तराखंड उदय सम्मान एवं सांस्कृतिक महोत्सव में प्रदेश का स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा। समारोह में विपिन बलूनी की ओर से 17 फिट का केक कटवाया जाएगा। सीएम हरीश रावत केक काटकर समारोह की रौनक बढ़ाएंगे।
सम्मान आवेदन का आज आखिरी दिन
सम्मान समारोह में प्रदेशभर के विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए अमर उजाला कार्यालय में आवेदन का बृहस्पतिवार को आखिरी दिन है। दो नवंबर तक आप भी पूरी जानकारी के साथ अमर उजाला कार्यालय में आवेदन भेज सकते हैं। दो नवंबर के बाद किसी का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी प्रमाण पत्रों व महत्वपूर्ण कागजों की फोटोकॉपी एक लिफाफे में, जिसके ऊपर ‘प्रथम उत्तराखंड उदय सम्मान आवेदन’ लिखकर अमर उजाला कार्यालय, शेड-2, इंडस्ट्रियल एरिया, पटेलनगर देहरादून भेज दें।