पांच मई को दून आएंगे राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी
इंदिरा गांधी नेशनल फारेस्ट एकेडमी के दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करने राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी पांच मई को दून पहुंचेंगे। राजपुर रोड स्थित आशियाना में रात गुजारने के बाद अगले दिन दोपहर 12 बजे वह वापस दिल्ली लौट जाएंगे।
राष्ट्रपति के आगमन का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम मिलने के बाद जिला प्रशासन आशियाना को सजाने के साथ ही अन्य तैयारियों में जुट गया है।
जिलाधिकारी रविनाथ रमन ने बताया कि राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी पांच मई को सुबह 9.30 बजे पर राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली से रवाना होकर 11.40 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से एयरफोर्स के हेलीकॉप्टर से 12.10 बजे जीटीसी हेलीपैड पहुंचेंगे।
मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
इसके बाद सड़क मार्ग से 12.30 बजे पर इंदिरा गांधी नेशनल फारेस्ट एकेडमी पहुंचेंगे। आईजीएनएफए के दीक्षांत समारोह में एक घंटे यानी 1.30 बजे तक रुकने के बाद राजपुर रोड स्थित आशियाना पहुंचेंगे और यहीं रात्रि विश्राम करेंगे।
छह मई को दोपहर 12 बजे वह आशियाना से जीटीसी हेलीपैड और उसके बाद जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे और यहां से 12.55 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे। जिलाधिकारी ने बताया कि राष्ट्रपति का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम मिलने के बाद सभी विभागों के अधिकारियों को तैयारियां शुरू करने के लिए निर्देश दिए गए हैं।
खासकर आशियाना में व्यवस्थाएं दुरुस्त करने और सड़कों की मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं। इस संबंध में जल्द ही विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक भी आयोजित की जाएगी।