आईएएस एकेडमी में पहुंचे महामहिम, ली प्रशिक्षु अफसरों की क्लास, पढ़ाया पाठ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासनिक अकादमी के 91वें बैच के दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे राष्ट्रपति ने प्रशिक्षु अफसरों को कर्तव्य और नैतिकता का पाठ पढ़ाया। उन्होंने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और आप सभी को देश सेवा का मौका मिला है। इस सेवा का लाभ देश के अंतिम व्यक्ति तक मिलना चाहिए। इसी से देश की तरक्की होगी।
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी शुक्रवार दोपहर 12:55 बजे लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी के प्रांगण में पहुंचे। यहां उनको गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। कालिंदी गेस्ट हाउस में कुछ देर विश्राम करने के बाद वे सीधे मुख्य कार्यक्रम स्थल संपूर्णानंद हॉल गए। यहां उन्होंने 91वें बैच के करीब 397 प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित किया। एक घंटे से अधिक का समय गुजारने के बाद राष्ट्रपति 1:35 बजे पोलो ग्राउंड हेलीपैड रवाना हो गए।
राष्ट्रपति की सुरक्षा में व्यवस्था रही चाक चौबंद
राष्ट्रपति के आगमन की तैयारियों को लेकर पिछले एक पखवाड़े से पुलिस और प्रशासन ने दिन-रात एक कर दिया था। उनके सकुशल वापसी के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली। इससे पहले पूर्व निर्धारित कार्यक्रम से कुछ इतर राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी वायुसेना के हेलीकाप्टर से 12:5 बजे पोलो ग्राउंड हेलीपैड पहुंचे।
यहां लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासनिक अकादमी के निदेशक राजीव कपूर, सीएम के प्रतिनिधि के तौर पर खेल मंत्री दिनेश अग्रवाल, पालिकाध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल, जिलाधिकारी रविनाथ रमन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वीटी अग्रवाल और जीओसी ने राष्ट्रपति की अगवानी की। अकादमी की ओर से निदेशक ने पुष्प गुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया। यहां से राष्ट्रपति सड़क मार्ग से अकादमी पहुंचे।
सादगी से पहुंची राष्ट्रपति की फ्लीट
राष्ट्रपति की फ्लीट इतनी सादगी से अकादमी पहुंची कि न सायरन बजा और न हूटर। यह पहला मौका जब किसी वीवीआईपी की फ्लीट फ्लीट इतनी सादगी से अकादमी में दाखिल हुई। हैप्पी वैली निवासी आनंद ने बताया कि अकादमी में होने वाले कार्यक्रमों के लिए केंद्रीय मंत्री और अन्य वीवीआईपी अक्सर आते रहते हैं। लेकिन महामहिम की फ्लीट जितनी सादगी से आई उतनी आज तक किसी फ्लीट नहीं पहुंची।
बस पांच मिनट रोका गया ट्रैफिक
अमूमन किसी शहर में राष्ट्रपति का आगमन हो तो घंटों ट्रैफिक रोक दिया जाता है। लेकिन, यहां राष्ट्रपति के आगमन से किसी को कोई परेशानी नहीं हुई। अकादमी के गेट के ठीक नीचे उच्च प्राथमिक विद्यालय में बच्चे रोजाना की तरह पढ़ाई कर रहे थे। स्कूल के गेट बाहर एक पुलिसकर्मी तैनात था। सीएसटी स्कूल में भी रोजाना की जैसी ही दिनचर्या थी। हैप्पी वैली में लोग धड़ल्ले से आ-जा रहे थे। लाइब्रेरी से कंपनी बाग तक पर्यटक रिक्शा और अपने वाहनों से जा रहे थे।
दीक्षांत समारोह में ये हुए शामिल
लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी के 91वें बैच के दीक्षांत समारोह में नगर से कई गणमान्य लोगों को आमंत्रित किया गया था। समारोह में अंग्रेजी और कान्वेंट स्कूलों के प्रधानाचार्य भी शामिल थे। मुख्य रूप से प्रमुख चिकित्सक डॉ. सुनील सैनन, डॉ. नरदेवेश्वर उनियाल, वाइनवर्ग ऐलन स्कूल के प्रिंसिपल लिसले टिंडेल, पालिकाध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल और काबीना मंत्री दिनेश अग्रवाल प्रोटोकॉल के तहत शामिल थे।