हरिद्वार का नया डॉन, इसकी हिस्ट्री और मिस्ट्री है बेहद खतरनाक
कभी शूटर रहा प्रवीण वाल्मीकि अब अपराध जगत के कुख्यात सुनील राठी के नक्शे कदम पर चल निकला है।
जेल में बैठे-बैठे ही सफाई नायक बसंत, भाजपा नेता राजसिंह हत्याकांड की साजिश रचकर हरिद्वार के अपराध जगत में अपना एक तरफा दबदबा कायम कर लिया है। रंगदारी वसूलना उसका अब धंधा बन गया है। कुख्यात सुनील राठी के अपराध का स्टाइल भी यही रहा है।
यूपी के बागपत से ताल्लुक रखने वाले कुख्यात सुनील राठी ने ही प्रवीण वाल्मीकि को अपराध जगत में एंट्री दिलाई थी। रुड़की जेल के मेनगेट पर हुई गैंगवार में भी प्रवीण वाल्मीकि का नाम लंबे समय बाद सामने आया था।
सिरदर्द बन सकता है त्रिगुट
इसके बाद प्रवीण वाल्मीकि ने सफाई नायक बसंत की हत्या कराकर अपराध जगत में एक बार फिर अपने पांव जमा लिए। बसंत की हत्या के बाद मंगलौर क्षेत्र के तांशीपुर गांव में भाजपा नेता राज सिंह की हत्या भी प्रवीण के इशारे पर की गई।
इन हत्याकांडों का ताना बाना प्रवीण ने जेल में बैठकर ही बुना था। इन हत्याकांडों से प्रवीण ने रुड़की में अपने नाम की दहशत पैदा कर रंगदारी के धंधे की कमान भी संभाल ली। रुड़की और देहात में कई व्यापारी उसके निशाने पर रहे हैं और रंगदारी भी वसूल चुका है। रंगदारी न देने पर कई व्यापारियों पर कातिलाना हमले भी हो चुके हैं।
कुख्यात प्रवीण वाल्मीकि, रूपेश त्यागी और सुशील चौधरी का त्रिगुट भविष्य में उत्तराखंड के लिए सिरदर्द बन सकता है। प्रवीण आजकल चमोली जेल में है और रूपेश त्यागी अल्मोड़ा जेल में। सुशील चौधरी सहारनपुर की जेल में बंद है और वह देवबंद क्षेत्र के गांव मिरगपुर का रहने वाला है। ये वैसे कुख्यात सुनील राठी से ही जुड़े रहे हैं, लेकिन डेयरी स्वामी की हत्या के लिए सुशील मिरगपुर ने शूटरों का इंतजाम किया था और रूपेश त्यागी ने असलहा उपलब्ध कराए थे।