बदरीनाथ धाम में पड़ रही कड़ाके की ठंड, जमी बर्फ का खूब लुत्फ उठा रहे तीर्थयात्री
दो दिन पूर्व बदरीनाथ धाम में हुई बर्फबारी के बाद यहां कड़ाके की ठंड पड़ रही है। धाम में अभी भी दो से चार इंच बर्फ जमी हुई है। धाम में रात का तापमान लगभग माइनस छह तक गिर रहा है। वहीं, बदरीनाथ धाम में माणा रोड किनारे जमी बर्फ का तीर्थयात्री खूब लुत्फ ले रहे हैं।
तीर्थयात्री बदरीनाथ धाम की यादों को संजोए रखने के लिए बर्फ के साथ अपनी फोटों भी खिंचवा रहे हैं। तीर्थयात्रियों और साधु-संतों को ठंड से निजात दिलाने के लिए नगर पंचायत बदरीनाथ की ओर से जगह-जगह अलाव की व्यवस्था की गई है।
नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी सुनील पुरोहित ने बताया कि बदरीनाथ धाम में तीर्थयात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जा रही है।
आसमान में बादल छाने से बढ़ी ठंड
सोमवार को आसमान में दिनभर बादल छाए रहने से क्षेत्र में कड़ाके की ठंड हो रही है। बदरीनाथ धाम में भी दिनभर मौसम बदला रहा। विगत दिनों हुई बर्फबारी के बाद से धाम में कड़ाके की ठंड हो रही है।
बावजूद इसके तीर्थयात्रियों की संख्या में कोई कमी नहीं है। बदरीनाथ धाम के कपाट 17 नवंबर को बंद हो रहे हैं। जिसकी प्रक्रिया 13 नवंबर से शुरू हो जाएगी। धाम में अब तक पहुंचने वाले यात्रियों की संख्या 12,10,059 पहुंच चुकी है।