ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल पर ऑनलाइन होगी पेंशन स्कीम, घर बैठे कर सकेंगे प्रमाण पत्रों के लिए आवेदन
- 215 सेवाओं को पोर्टल से जोड़ने का लक्ष्य, अपर मुख्य सचिव ने अधिकारियों को दिए निर्देश
विस्तार
उत्तराखंड में समाज कल्याण विभाग से संबंधित पेंशन स्कीमें अब प्रदेश के 13 जिलों में ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल पर ऑनलाइन होगी। इससे लाभार्थी घर बैठे पेंशन के लिए आवेदन कर सकेंगे।
वहीं, आवेदनों की स्थिति की ऑनलाइन स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। सरकार ने सेवा का अधिकार से संबंधित 215 नागरिक सेवाओं को पोर्टल पर ऑनलाइन करने का लक्ष्य रखा है। इस संबंध में अपर मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
सरकार ने प्राथमिकता के आधार पर समाज कल्याण विभाग से संबंधित वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन के आवेदनों को सभी 13 जिलों में ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन करने के निर्देश दिए। इससे पेंशन योजना का लाभ प्रदेश के नागरिकों को जल्द से जल्द मिल सकेगा।
प्रदेश सरकार का निर्देश है कि आम लोगों की सहूलियत नागरिक सेवाएं आवेदन करने के बाद निश्चित अवधि में मिलनी चाहिए। अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने बताया कि जन सेवाओं और प्रमाण पत्रों के ऑनलाइन आवेदन के लिए ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल बनाया गया है।
वर्तमान में प्रदेश के 4963 कामन सर्विस सेंटर ऑनलाइन सेवाएं देने के लिए काम कर रहे हैं। ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल और कामन सर्विस सेंटरों के द्वारा ऑनलाइन उपलब्ध कराया जाए। पोर्टल में 32 सेवाएं प्रदेश स्तर पर उपलब्ध है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर सभी जिलों को शीघ्र पोर्टल पर सभी सेवाएं को जिलों में लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। आईटीडीए के निदेशक अमित सिन्हा की अध्यक्षता में सभी जिलों के ई-डिस्ट्रिक्ट प्रबंधकों को प्रशिक्षण दिया गया है। नवंबर माह तक 32 नागरिक सेवाओं व प्रमाण पत्रों को ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।