उत्तराखंड में बाहरियों को ना, अब राज्य की एजेंसियां कराएंगी काम
उत्तराखंड में निर्माण कार्यों के लिए अरबों का ठेका लेने वाली बाहरी कंपनियों को शासन ने बाय-बाय करने का इरादा जताया है।
आंधी-तूफान के मामूली झटकों में निर्माणाधीन पुलों के गिरने की घटनाओं से हुई किरकिरी के बाद शासन ने राज्य की एजेंसी उत्तराखंड अवस्थापना विकास निगम से ही काम कराने की सोची है। इस पहल के तहत पहली बार अवस्थापना विकास निगम को 9 पुल बनाने की जिम्मेदारी दी गई है। शासन अवस्थापना विकास निगम का नाम भी बदल रहा है।
प्रदेश में अभी तक भवन निर्माण का काम उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम (यूपीआरएनएन) को दिया जा रहा था। यूपीआरएनएन उत्तराखंड में 10 हजार करोड़ रुपये के काम करा रहा है। इसके अलावा केंद्रीय एजेंसियों में एनबीसीसी, एनपीसीसी, ईपीआईएल, वेबकॉस पुल और भवन निर्माण के ठेके ले रही थीं, लेकिन इनके कार्यों की समीक्षा में शासन ने इसे फिसड्डी पाया है।
उत्तरकाशी में जो पुल गिरा उसका निर्माण एनबीसीसी करा रही थी। वेबकॉस से पहले से ही प्रदेश शासन ऊबा है। इसी तरह दून में निर्माणाधीन फ्लाई ओवर का मामला पिछड़ने से ईपीआईएल से शासन परेशान है। इसके अलावा कुमाऊं मंडल में अंतरराष्ट्रीय सीमा वाले वन प्रभागों में सड़क निर्माण न होने के मामले की जांच चल रही है।
9 पुलों का निर्माण कार्य देकर कर दी गई शुरुआत
बाहरी एजेंसियों की यह स्थिति देखते हुए शासन ने अब प्रदेश की एजेंसियों से ही काम कराने का निश्चय कर लिया है। इसकी शुरुआत अवस्थापना निगम को 9 पुलों का निर्माण कार्य देकर कर दी गई है। इसके अलावा सरकारी भवनों के निर्माण संबंधी कार्य पहले ही अवस्थापना निगम को दिए जा चुके हैं। निगम के महाप्रबंधक (एचआर) अनूप कुमार का कहना है कि निगम को नए कार्य मिल रहे हैं। हमारे पास क्वालिटी मैन पावर और संसाधन हैं।
यहां के पुल निर्माण की मिली जिम्मेदारी
कीर्तिनगर में अलकनंदा, स्याल्दे केदार मोटर मार्ग, मुनस्यारी बजेता मोटर मार्ग, कालूवाला में सौंग नदी, गंगोलीहाट में मशानगढ़ी, सल्ट, बसेड़ी में रामगंगा नदी, द्वारहाट में रामगंगा नदी, जखोली में अगस्त्यमुनि से चाका के बीच, चौखुटिया में रामगंगा नदी।
भवन निर्माण के कार्य
अवस्थापना विकास निगम को देहरादून यूनिट में 9 कार्य, हल्द्वानी यूनिट में 11 कार्य और पिथौरागढ़ यूनिट में चार कार्य दिए गए हैं। इसके अलावा शासन पेयजल निगम, लोक निर्माण विभाग आदि राज्य एजेंसियों से भी काम करा रहा है।
बड़े काम के साथ निगम को देंगे नया नाम
उत्तराखंड राज्य अवस्थापना विकास निगम का नाम ब्रिज, रोप-वे एंड इंफ्रास्ट्रकचर कारपोरेशन लिमिटेड किया जाएगा। निगम का नाम बदले जाने के संबंध में शासन ने फाइल चला दी है। सचिव लोक निर्माण विभाग डीएस गर्ब्याल ने बताया कि निगम के नाम बदले जाने का शासन निर्णय लिया है।
Published By : Nirmala Suyal