उत्तराखंड: चोटियों पर लगातार बर्फबारी से बढ़ी खून जमाने वाली ठंड, 60 साल के बुजुर्ग की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड में मौसम ने रविवार को करवट बदल ली। मुनस्यारी की ऊंची चोटियों हंसलिंग, राजरंभा, नंदा देवी, पंचाचूली आदि स्थानों पर शनिवार रात से ही बर्फबारी शुरू हो गई। रविवार तड़के नया बस्ती, खलियाटॉप, बलांती, बेटुलीधार, कालामुनि, खुजानी, मर्तोलीथौड़ और महेश्वर कुंड में हिमपात हुआ। बर्फबारी के चलते थल-मुनस्यारी सड़क कालामुनि से बलाती बैंड के बीच 12 बजे बंद हो गई। इससे वहां लोग फंस गए। पिछले 24 घंटे में क्षेत्र का अधिकतम तापमान पांच और न्यूनतम माइनस पांच डिग्री तक पहुंच गया।
इधर, काशीपुर में ठंड से 60 वर्षीय वृद्ध लेखराज सिंह की मौत हो गई। वह एक गोदाम में चौकीदार थे और मूलरूप से ग्राम खड़कपुर देवीपुरा ठाकु रद्वारा यूपी के रहने वाले थे। पोस्टमार्टम करने वाले डॉ. कैमाश राणा ने वृद्ध की ठंड से मौत की पुष्टि की है।
चंपावत में भी रविवार सुबह बादल छाए रहे। कपकोट में खाती, झूनी, खल झूनी, बदियाकोट, शामा, रमाणी, खरकिया, फुरकी, धूर, लाहुर, चौड़ास्थल गांवों में जमकर बर्फबारी हुई। अल्मोड़ा में हल्की बूंदाबादी हुई। रानीखेत में सुबह कुछ मिनट की बारिश के बाद मौसम साफ हो गया। नैनीताल में एक घंटे तक हिमकण गिरे। भीमताल, भवाली, मुक्तेश्वर, धानाचूली, पहाड़पानी, गरमपानी, ज्योलीकोट, ओखलकांडा के कई क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हुई।
अगले एक हफ्ते तापमान में बढ़ोत्तरी के आसार
अगले एक हफ्ते के दौरान तापमान में बढ़ोत्तरी होने का अनुमान है। इससे लोगों को ठंड से मामूली राहत मिल सकती है। केवल 16 जनवरी को कुछ स्थानों पर बादल छाए रहने और हल्की बूंदाबांदी होने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल अगले कुछ दिन प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम साफ रहेगा। 16 जनवरी को चमोली, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ व रुद्रप्रयाग के अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। साथ ही निचले इलाकों में भी हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इसके बाद प्रदेशभर में मौसम साफ बना रहेगा। प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में दिन के तापमान में तीन से चार डिग्री की बढ़ोत्तरी हो सकती है।
मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान औसतन 19 डिग्री से बढ़कर 24 डिग्री तक हो सकता है। वहीं, न्यूनतम तापमान में भी दो से तीन डिग्री तक की बढ़ोत्तरी हो सकती है। दिन और रात के तापमान में वृद्धि होने से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिल सकती है। मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि कुछ अधिक ऊंचाई वाले स्थानों को छोड़कर प्रदेशभर में मौसम साफ रहेगा।