अब नये वाहन स्वामियों को नहीं लगाने होंगे आरटीओ के चक्कर, ऐसे होगा टैक्स जमा
दिल्ली की तर्ज पर अब उत्तराखंड में टैक्स जमा करने का नया फार्मूला आया है। नए वाहन स्वामियों को अब आरटीओ के चक्कर लगाने की जरुरत नहीं पड़ेगी।
अब शोरूम से वाहन खरीदने के बाद आरटीओ दफ्तर के बजाय वाहन से संबंधित विभिन्न टैक्स शोरूम में ही जमा हो जाएगा। इससे परिवहन विभाग पर दबाव कम पड़ने के साथ ही वाहन स्वामियों को भी सहूलियत होगी।
सॉफ्टवेयर के माध्यम से होगा वाहनों का टैक्स जमा
नैनीताल जनपद स्थित हल्द्वानी में रामपुर रोड स्थित एक होटल में परिवहन विभाग के राज्यभर से पहुंचे अधिकारियों ने कुमाऊं के विभिन्न वाहन डीलरों के 60 प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इसमें एनआईसी यानी नेशनल इन्फॉरमेटिक सेंटर की टीम के सदस्यों गौरव व रमन ने डीलर प्वाइंट एप्लीकेशन सॉफ्टवेयर का प्रशिक्षण दिया।
इसके तहत ऑनलाइन डाटा एंट्री और टैक्स जमा करने के बारे में समझाया गया। सॉफ्टवेयर के माध्यम से अब वाहनों के टैक्स, डाटा आदि शोरूम में दर्ज हो जाएगा, जो आरटीओ दफ्तर को मिल जाएगा। इससे वाहन खरीदने वालों को बार-बार परिवहन विभाग कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।