National Games: उत्तराखंड के लिए वुशु-बैडमिंटन में पदकों की बौछार, योग में रजत, वेटलिफ्टिंग में चूके
National Games 2025 Uttarakhand: राज्य की सबसे ज्यादा उम्मीद बैडमिंटन से स्वर्ण पदक मिलने की थी, जिसके लिए महिला और पुरुष टीम ने कड़ा मुकाबला किया।
विस्तार
राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के लिए शनिवार को बैडमिंटन, वुशु और योगा स्पर्धाओं में पदकों की बौछार हुई। बैडमिंटन में पुरुष और महिला वर्ग की टीमें सुबह फाइनल मुकाबले में उतरीं, लेकिन स्वर्ण से चूक गईं। दोनों मुकाबलों में रजत से संतोष करना पड़ा। वुशु में उत्तराखंड का जलवा बरकरार रहा। इस खेल में राज्य को छह और पदक मिले, जिसमें एक रजत और पांच कांस्य शामिल है। पदक तालिका में अन्य राज्यों के बेहतर प्रदर्शन के चलते उत्तराखंड 13वें से 18वें नंबर पर खिसक गया है।
राज्य की सबसे ज्यादा उम्मीद बैडमिंटन से स्वर्ण पदक मिलने की थी, जिसके लिए महिला और पुरुष टीम ने कड़ा मुकाबला किया। महिला टीम का मुकाबला हरियाणा से हुआ, जिसमें अदिति ने एक मैच जीतकर पॉइंट अर्जित किए, लेकिन डबल्स में हारने की वजह से स्वर्ण से चूक गईं। पुरुष टीम का मुकाबला कर्नाटक से हुआ। उनसे उम्मीद ज्यादा थी क्योंकि वो कर्नाटक को पहले राउंड में हराने के बाद सेमीफाइनल में पहुंचे, लेकिन फाइनल में कर्नाटक की टीम भारी पड़ गई।
National Games: ...हां ये हैं पापा की परियां, पदक जीतकर बढ़ा रहीं मान; तैराकी में बेटियों ने जीते 15 स्वर्ण
वुशु में उत्तराखंड का शानदार प्रदर्शन जारी रहा, जिसमें पांच कांस्य और एक रजत मिला। वुशु में अभी तक एक गोल्ड और तीन रजत समेत 12 पदक मिल चुके हैं। योग में आर्टिस्टिक पेयर इवेंट में अजय वर्मा और हर्षित की जोड़ी ने रजत पदक जीता।
वेटलिफ्टिंग में भी उत्तराखंड पदक से चूक गया। अलग-अलग भार वर्ग में खिलाड़ी चौथे से सातवें स्थान पर रहे। 96 किग्रा भार वर्ग में राज्य को विशाल रजवार से बड़ी उम्मीदे थीं, लेकिन वह चौथे स्थान पर रहे। उन्होंने 260 किग्रा वजन उठाया।
अन्य तीन भार वर्ग के मुकाबलों में उत्तराखंड सातवें स्थान पर रहा। देहरादून में लॉन बॉल की शुरुआत हुई है। लीग मैचों में उत्तराखंड के अंडर 25 में लड़कों की टीम ने दिल्ली पर 21-12 के अंतर से जीत दर्ज की। वहीं लड़कियों की टीम ने भी दिल्ली पर एक पॉइंट से बढ़त बना जीत हासिल की।