Mussoorie: गनहिल की पहाड़ी से गिरे बोल्डर, सरकारी आवास क्षतिग्रस्त,पांच परिवारों ने कचहरी के हॉल में बिताई रात
उत्तराखंड में बारिश आफत बनकर बरस रही है। मसूरी में लगातार रुक-रुक कर पहाड़ी से बोल्डर गिर रहे हैं। खतरे को देखते हुए आवास में रहने वाले सभी पांच परिवारों ने पूरी रात एसडीएम कार्यालय के एक हॉल में शरण लेकर बिताई।
विस्तार
मसूरी शहर में हो रही बारिश के बीच गनहिल की पहाड़ी से बोल्डर गिरने के कारण कचहरी परिसर स्थित सरकारी आवास को भारी नुकसान पहुंचा है। बोल्डरों की चपेट में आने से एक कमरे का बड़ा हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि दूसरे कमरे की दीवार दूसरी बार ढह गई। इसके अलावा अन्य कमरों की दीवारों में भी दरारें आ गई हैं, जिससे वहां रह रहे परिवारों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार बुधवार से लगातार रुक-रुक कर पहाड़ी से बोल्डर गिर रहे हैं। खतरे को देखते हुए आवास में रहने वाले सभी पांच परिवारों ने पूरी रात एसडीएम कार्यालय के एक हॉल में शरण लेकर बिताई। प्रभावित परिवारों का कहना है कि पहाड़ी से लगातार बोल्डर गिरने का खतरा बना हुआ है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
कचहरी कर्मचारी गोविंद सिंह नेगी ने बताया कि जिस सरकारी आवास में पांच परिवार रह रहे हैं, वह लगातार खतरे की जद में है। बोल्डर गिरने से भवन को गंभीर क्षति पहुंची है और अब वहां रहना सुरक्षित नहीं रह गया है।
ये भी पढे़ं...Uttarakhand: आपदा में घर के साथ दस्तावेज भी हो गए क्षतिग्रस्त तो घबराने की जरूरत नहीं, आपका वोट नहीं कटेगा
प्रभावित परिवारों ने प्रशासन से तत्काल मौके का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजाम करने, वैकल्पिक आवास उपलब्ध कराने तथा पहाड़ी के खतरे का स्थायी समाधान करने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्र संवेदनशील हो गया है और समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो बड़ा हादसा हो सकता है।