बॉम्बे हाईकोर्ट ने उत्तराखंड चीफ जस्टिस को लिखा पत्र, चारधाम यात्रा की अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी
उत्तराखण्ड हाईकोर्ट ने चारधाम में फैली अव्यवस्थाओं का संज्ञान लिया है। बॉम्बे हाईकोर्ट के जस्टिस के पत्र का संज्ञान लेते हुए आज हाईकोर्ट ने जिला पंचायत उत्तरकाशी को पक्षकार बनाते हुए राज्य सरकार और जिला पंचायत उत्तरकाशी को नोटिस जारी किया है।
हाईकोर्ट की खण्डपीठ ने सभी पक्षकारों को आदेश दिया है कि चार हफ्तों के भीतर वो अपना जवाब शपथ पत्र के साथ कोर्ट में पेश करें। आपको बता दें कि बॉम्बे हाईकोर्ट के जस्टिस केदारनाथ चारधाम यात्रा पर आये थे।
यहां से जाने के बाद उन्होंने उत्तराखण्ड हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस को यहां की अव्यवस्थाओं के लिए पत्र लिखा और कहा कि चार धाम यात्रा में श्रद्धालुओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
इसके साथ ही खच्चर, टैक्सी, डांडी के साथ रहन-सहन में की भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। वहीं केदारनाथ में हेलीपैड के आस-पास धूप और बारिश से बचने के लिए सल्टर ना होने से भी दिक्कतें हो रही हैं।
पत्र में कहा गया है कि इन व्यवस्थाओं को राज्य सरकार की ओर से दूर किया जा सकता है पर ऐसा नहीं हो रहा है। आज हाईकोर्ट की खण्डपीठ ने पूरे मामले की सुनवाई कर राज्य सरकार को नोटिस जारी किया है।