मदर्स डे 2019: उत्तराखंड के सात वर्षीय यजत ने अमिताभ बच्चन के साथ गाया अपनी मां के लिए गीत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड के हल्द्वानी और देहरादून से ताल्लुक रखने वाले यजत मदर्स डे के उपलक्ष्य पर सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के साथ युगल गीत गाते नजर आएंगे। मेरी रोटी की गोलाई......मां, टायटिल वाले इस गीत को संजू और बरेली की बर्फी जैसी चर्चित फिल्मों के लिए गीतों की रचना कर चुके पुनीत शर्मा ने लिखा है।
मां.. टायटिल पर लिखे गए इस गीत के बोल सुनकर अमिताभ बच्चन इतने प्रभावित हुए कि वह सात साल के यजत के साथ इस गीत को गाने के लिए राजी हो गए। खुद अमिताभ कह चुके हैं कि इस गीत को जितनी बार सुनता हूं मुझे हर बार रोना आ जाता है। गाने की रिकार्डिंग कुछ दिन पहले हो चुकी है और शुक्रवार को यह गीत मुंबई में रिलीज भी हो गया है।
अमिताभ बच्चन भी अपनी आवाज देने से मना नहीं कर सके
दरअसल, सात साल के यजत ने कुछ माह पहले अपनी मां को जन्म दिन पर एक गीत गाने की इच्छा जताई। यजत के संगीत निर्देशक पिता ने संजू, बरेली की बर्फी, औरंगजेब सहित कई अन्य फिल्मों के लिए गीत लिख चुके पुनीत शर्मा से मां टाइटिल पर कोई गीत लिखने का आग्रह किया। अशोक गर्ग ने बताया कि पुनीत शर्मा का लिखा यह गीत सभी को बहुत भा गया।
अमिताभ बच्चन की पिंक के अलावा विक्की डोनर आदि फिल्मों के प्रोड्यूसर सुजीत सरकार ने जब यह गीत सुना तो उन्होंने महानायक अमिताभ बच्चन को गीत के बोल सुनाकर उनसे इसे आवाज देने का आग्रह किया। अमिताभ बच्चन भी मां के लिए लिखे गए दिल छूने वाले गीत को अपनी आवाज देने से मना नहीं कर सके।
यजत के संगीत निर्देशक पिता अनुज गर्ग ने बताया कि पिछले हफ्ते ही मुंबई में इस गीत को रिकार्ड किया जा चुका है। अमिताभ बच्चन के साथ युगल गीत गाने के बाद यजत और उसके माता-पिता बेहद खुश हैं। यजत की मां दीक्षा सती गर्ग ने भी इस गीत में कोरस गाया है। अनुज गर्ग ने बताया कि शुक्रवार को मुंबई में यह गीत रिलीज हो चुका है। मेरी रोटी की गोलाई......मां, टायटिल से यह गीत मदर्स डे (12 मई) से यू-ट्यूब, फेस बुक आदि सभी मीडिया में उपलब्ध हो जाएगा।
गीत लिखे जाने के पीछे है दिलचस्प कहानी
मेरी रोटी की गोलाई......मां, टायटिल से लिखे गए इस गीत की रचना के पीछे दिलचस्प कहानी है। म्यूजिक डारेक्टर अनुज गर्ग बताते हैं कि कुछ माह पहले उनकी पत्नी दीक्षा सती गर्ग का बर्थ डे था। दीक्षा उन दिनों मुंबई में आर्ट ऑफ लिविंग का साइलेंस कोर्स कर रही थी। इस कोर्स के दौरान बोलने पर प्रतिबंध रहता है। मम्मी को बर्थ डे पर विस करने के लिए बेटे यजत ने गीतकार पुनीत शर्मा द्वारा लिखे गए इस गीत को अपनी आवाज में गाकर रिकार्ड करके मां को भेजा। फिर यह गीत सबको इतना पसंद आया कि आखिरकार इससे महानायक अमिताभ बच्चन का नाम भी जुड़ गया।
देहरादून में म्यूजिक टीचर रह चुके हैं यजत के पिता
सात वर्षीय यजत के पिता अशोक गर्ग मूल रूप से लक्ष्मण चौक देहरादून के रहने वाले हैं। वह सुभाष घई की फिल्म कांछी और हिमांशु धूलिया की साहिब बीबी और गैंगस्टर सहित कुछ फिल्मों के गीतों में संगीत दे चुके हैं। अशोक गर्ग पहले देहरादून के दून स्कूल, वेलम गल्र्स स्कूल और एशियन स्कूल में म्यूजिक टीचर रह चुके हैं और 2005 में वह नौकरी छोड़कर मुंबई चले गए।
अमिताभ की तरह 11 अक्तूबर को होता है यजत का जन्म दिन
संगीत निर्देशक अशोक गर्ग बताते हैं कि संयोग से महानायक अमिताभ बच्चन के साथ युगल गीत गाने वाले उनके बेटे यजत का जन्म दिन भी अमिताभ बच्चन के जन्म दिन के ही दिन 11 अक्तूबर को होता है।