चार धाम यात्रा के लिए मानसून को लेकर हाई अलर्ट
मानसून सीजन को देखते हुए नई टिहरी डीएम सोनिका ने अधिकारियों को अलर्ट रहने को कहा है। आपदा संबंधी उपकरणों की स्थिति जांचने के भी निर्देश दिए गए हैं।
डीएम ने सभी एसडीएम को आपदा के लिए तहसील स्तर पर गठित समिति को क्रियाशील रखने के निर्देश दिए। ईई सिंचाई को 15 जून से 15 सितंबर तक निगरानी/सूचना चौकियों को एक्टिव रखने, कर्मियों के मोबाइल नंबर सहित अन्य जानकारी नियंत्रण कक्ष को उपलब्ध कराने को कहा।
भूस्खलन की द़ृष्टि से 48 संवेदनशील स्थान
लोनिवि को 58 हैलीपैड की स्थिति दुरुस्त रखने, भूस्खलन की दृष्टि से संवेदनशील 48 स्थानों पर जेसीबी व अन्य संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। सीएमओ को 108 सेवा व अन्य एंबुलेंस को चालू रखने, दवाओं की व्यवस्था करने को कहा है।
डीएसओ को सभी 27 गोदामों में खाद्यान्न की व्यवस्था करने, 1140 सस्ते गल्ले के विक्रेताओं की सूची फोन नंबर सहित उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।