'कांग्रेस की गठबंधन और लठबंधन सरकार से जनता त्रस्त'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा के प्रधानमंत्री उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में पूरे देश का भ्रमण करने के बाद अब वह देवों की भूमि में जनता का आशीर्वाद लेने आए हैं।
उन्होंने कहा कि देवभूमि से उन्हें पांच कमल के फूल चाहिए जो कि दिल्ली में सजाए जाएंगे।
नमो ने कहा कि कांग्रेस, सपा, बसपा के नेताओं से लेकर लालू यादव और ममता बनर्जी ने कभी किसानों, नौजवानों, रोजगार, मां-बहनों की सुरक्षा और गांव-देहात की बात नहीं की है। इन मुद्दों पर सभी चुप्पी साधे रहे।
कहा कि देश में पहली बार ऐसा हो रहा है जब नेता और पार्टी के बजाए जनता खुद चुनाव लड़ रही है। जनता कांग्रेस की गठबंधन और लठबंधन सरकार से त्रस्त हो चुकी है।
कोश्यारी को मजबूत दायित्व देंगे मोदी
लोग अपना गुस्सा उतारने के लिए पोलिंग बूथों तक पहुंचकर भाजपा के पक्ष में मतदान कर रहे हैं। इससे कांग्रेस गठबंधन के सभी नेता ‘मोदी रोको-मोदी रोको’ का नारा देकर षड्यंत्र रच रहे हैं।
मोदी ने जनता से कहा कि सात मई को कितनी भी गर्मी क्यों न हो, रिकार्ड मतदान होना चाहिए। उन्हें नैनीताल-ऊधमसिंह नगर संसदीय सीट ही नहीं बल्कि प्रदेश की पांचों सीटें चाहिए।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता भगत सिंह कोश्यारी को जितने रिकार्ड मतों से जिताएगी, केंद्र में बनने जा रही भाजपा सरकार में कोश्यारी को उतना ही मजबूत दायित्व सौंपा जाएगा।
इससे पहले कोश्यारी ने भी कहा कि क्षेत्रीय जनता जो चाहेगी सब मिलेगा। दरअसल, मोदी के जनसभा में पहुंचने से पहले जब कोश्यारी को मंच पर बुलाया गया तभी उनके माइक संभालते ही मोदी का हेलीकाप्टर आसमान में मंडराता दिख गया।
'मोदी को देखने नहीं, सुनने आए हैं'
भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी को अधिकतर लोग देखने नहीं, बल्कि सुनने पहुंचे थे। एफसीआई मैदान में मोदी की जनसभा के लिए काफी लंबा-चौड़ा पंडाल लगा था।
दोपहर की तपती धूप में हजारों लोग पंडाल में पहुंचने के बजाए सड़क किनारे पेड़ों की छांव में खड़े हो गए। इन लोगों से जब पूछा गया कि वो पंडाल में पहुंचकर मोदी को देखना नहीं चाहते हैं तो उन्होंने जवाब दिया कि वो सिर्फ सुनने आए हैं। मोदी तो रोज अखबारों और टीवी चैनलों पर दिखते ही हैं।
लोगों में मोदी को लेकर जबर्दस्त उत्साह दिखा। खासकर, महिलाओं और युवाओं ने नमो के जयकारे लगाए। मोदी को सुनने के लिए दूरदराज से पहुंचे लोगों ने करीब तीन घंटे तक इंतजार किया।
'विकास के रूप में लौटाऊंगा प्यार'
मोदी को सुनने के लिए नैनीताल और ऊधमसिंह जिले से सुबह साढ़े दस बजे से ही लोग पहुंचने लगे। गर्मी बढ़ने के साथ भीड़ भी बढ़ती गई। करीब 12 बजे तक आधा पंडाल भर गया। दो बजे तक लोगों का आने का सिलसिला जारी रहा।
2:13 बजे मोदी का हेलीकॉप्टर उतरने तक सड़क के दोनों तरफ पेड़ों की छांव में लोगों का जमावड़ा लग गया, जिससे किच्छा बाईपास रोड पर यातायात बंद हो गया। पंडाल के बाहर पेड़ों की ओट पर खड़े लोगों के लिए मंच से नरेंद्र मोदी की तस्वीरें दिखाने के लिए दो बड़ी स्क्रीनें भी लगी थी, लेकिन लोग धैर्य रखकर मोदी को सुन रहे थे।
मोदी ने लोगों के जयकारों का आभार जताते कहा कि आपका प्यार सर आंखें पर। भरोसा दिलाया कि इस भीषण गर्मी में आपके तीन घंटे की तपस्या बेकार नहीं जाने दूंगा। विकास के रूप में आपको लौटाऊंगा।
नेताओं ने भी किया नमो का दो घंटे इंतजार
नमो का इंतजार जनता ने ही नहीं, बल्कि प्रत्याशी भगत सिंह कोश्यारी और स्थानीय विधायकों ने भी किया। जनसभा स्थल पर भीड़ उमड़ने पर कोश्यारी ने दोपहर बारह बजे स्थानीय विधायकों के साथ मंच संभाल लिया।
मोदी की देरी से पहुंचने से लोग गर्मी में तपने लगे और पंडाल छोड़कर पानी पीने दौड़ने लगे। 12.53 बजे शक्ति कपूर ने पंडाल पहुंचकर भीड़ को बांधे रखा।
मोदी सहन नहीं कर पाए गर्मी
नरेंद्र मोदी भी दोपहर की चिलचिलाती धूप में असहज लगे। मंच पर पहुंचते ही मोदी ने जनता का अभिवादन कर भाषण शुरू कर दिया। 28 मिनट के भाषण में मोदी बार-बार रुमाल निकालकर माथे से पसीना पोंछते और पानी पीते रहे। दोपहर में रुद्रपुर का तापमान करीब 39 डिग्री सेल्सियस था।