चुनाव ड्यूटी के दौरान कार नदी में गिरने से लापता हुए कांस्टेबल का शव बरामद, युवक अभी भी लापता
उत्तराखंड के हरिपुर-मीनस मोटर मार्ग पर बीते 31 मार्च को मीनस के पास टौंस नदी में कार गिरने से लापता कांस्टेबल धर्मेंद्र राठी का शनिवार को इच्छाड़ी डैम की इंटेक से शव मिला।
वहीं, हादसे में लापता युवक का अब भी सुराग नहीं लग पाया है। रविवार को भी सर्च अभियान चलाया जाएगा। थानाध्यक्ष विपिन बहुगुणा ने बताया कि एसडीआरएफ और पुलिस की टीम शनिवार को सर्च अभियान चला रही थी।
टीम को सुबह 10 बजे सूचना मिली कि इच्छाड़ी डैम की इंटेक में किसी व्यक्ति का शव फंसा हुआ है। टीम ने मौके पर जाकर शव निकाला। उसकी पहचान कालसी थाने में तैनात आरक्षी धर्मेंद्र राठी के रूप में की गई।
विकासनगर में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को पुलिस लाइन देहरादून ले जाया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंपा गया। धर्मेंद्र राठी मुजफ्फरनगर यूपी के रहने वाले थे।
बता दें कि हिमाचल की सीमा से लगे मीनस बैरियर पर थाना कालसी से आरक्षी धर्मेंद्र राठी को नियुक्त किया गया था। 31 मार्च को धर्मेंद्र राठी कुछ स्थानीय व्यक्तियों के साथ कार से सामान लेने गए थे।
इस बीच उनकी कार अनियंत्रित होकर टौंस नदी में गिर गई। हादसे में दो स्थानीय व्यक्ति बच गए थे। जबकि, धर्मेंद्र राठी एवं स्थानीय बलबीर लापता हो गए थे।