हरिद्वार: घर से गायब हुई बहनों से दिल्ली में भीख मंगवाने की थी तैयारी, आरोपी ने बताया सच
- चारों बहनें रुड़की रेलवे स्टेशन से बरामद
- मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार, सहयोगी नाबालिग को भेजा बाल सुधार गृह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रोड़ीबेलवाला क्षेत्र से बहला फुसलाकर ले जाई गई चार नाबालिग बहनों को हरिद्वार पुलिस ने रुड़की रेलवे स्टेशन से बरामद करते हुए दो आरोपियों को धर दबोचा। चारों नाबालिगों के सकुशल बरामद होने पर पुलिस ने राहत की सांस ली है।
सीओ सिटी कार्यालय कैंपस में पत्रकारों को जानकारी देते हुए एसएसपी सेंथिल अवुदई कृष्ण राज एस ने बताया कि 29 जनवरी को झुग्गी झोपड़ी विष्णु घाट निवासी एक व्यक्ति ने अपनी चार नाबालिग बेटियों के गायब होने की सूचना दी थी। पुलिस ने तुरंत ही नाबालिगों की तलाश शुरू कर दी थी।
पुलिस की पड़ताल में प्रवेश पुत्र राजेंद्र निवासी बंद फाटक सब्जी मंडी गोल चक्कर लोहनी बॉर्डर दिल्ली के साथ आखिरी बार बच्चियों को देखे जाने की बात सामने आई। एसएसपी ने बताया कि आरोपी के दिल्ली में होने की बात सामने आने पर एक पुलिस टीम दिल्ली गई, लेकिन आरोपी बार बार अपनी लोकेशन बदलता रहा। शुक्रवार की सुबह सूचना मिलने पर रुड़की रेलवे स्टेशन पर छापा मारकर चारों बहनों को बरामद करते हुए एक मुख्य आरोपी प्रवेश और उसके साथी नाबालिग को दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि उनका मकसद चारों बहनों से दिल्ली में भीख मंगवाना था और इसी वजह से वे उन्हें बहला फुसलाकर ले गए थे। एसएसपी ने बताया कि चारों बहनों को अभिभावकों के सुपुर्द कर दिया है। मुख्य आरोपी को जेल भेजा जा रहा है जबकि फरीदपुर यूपी के रहने वाले नाबालिग को बाल संरक्षण गृह भेजा जाएगा।
पुलिस दिखी बेहद संवेदनशील
अमूमन ऐसा होता है कि गरीब की शिकायत पर पुलिस संज्ञान ही नहीं लेती है। इस बार एकदम उलट हुआ। चारों बहनें भले ही निमभन वर्ग से ताल्लुक रखती थीं लेकिन पुलिस ने उनके गायब होने के मामले को बेहद ही गंभीरता से लिया। एसएसपी सेंथिल अवुदई कृष्णराज एस बाकायदा दो दिन से इस प्रकरण की मॉनीटरिंग कर रहे थे।
दंपति बोला, लौटा दी खुशियां
बेटियों के बरामद होने पर उनके माता पिता काफी खुश नजर आए। वे बार बार पुलिस का आभार व्यक्त करते रहे। बकौल दंपति की चंद घंटों में ही बेटियां मिल जाएगी, इसका उन्हें दूर दूर तक अहसास नहीं था। मान चुके थे कि अब उनकी बेटियां कभी नहीं मिलेंगी।
ये रहे पुलिस टीम में शामिल
दो से लेकर 12 वर्ष की बहनों को बरामद करने में रोड़ीबेलवाला चौकी प्रभारी पवन डिमरी ने मुख्य भूमिका निभाई। उनके अलावा कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी, एसएसआई जगमोहन रमोला, कांस्टेबल राजेश बिष्ट, हर्ष उनियाल, सुनील तोमर, चंद्रशेखर भट्ट, सुनील तोमर, रोहित नौटियाल शामिल रहे।