रफ्तार के रोमांच ने छीन ली मेडिकल छात्रा की जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ऋषिकेश में तेज रफ्तार कार के दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार दिल्ली निवासी मेडिकल छात्रा की मौत हो गई। वहीं हादसे में दो अन्य साथी छात्र गंभीर घायल हुए हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए दून भेज दिया है। गंभीर घायल छात्रों का उपचार जौलीग्रांट अस्पताल में चल रहा है। हादसे से छात्रा के परिजनो में मातम छा गया।
बीते बृहस्पतिवार देर रात करीब 1.30 बजे रायवाला से ऋषिकेश आ रही एक तेज रफ्तार कार हाईवे पर कालेकीढाल के समीप अचानक बेकाबू हो गई। मार्ग पर बनी पुलिया की दीवार को तोड़ते हुए कार ट्रांसफार्मर को सपोर्ट करने वाले लोहे के गार्डर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में कार में सवार सीमा डेंटल कॉलेज में अध्ययनरत छात्रा शिवानी शर्मा (26) पुत्री जयकिशन शर्मा की मौत हो गई और दो छात्र गंभीर घायल हो गए। सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लिया और घायल छात्रों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उन्हें जौलीग्रांट अस्पताल रेफर कर दिया।
हादसे में मृत शिवानी नई दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके की रहने वाली थी। वह ऋषिकेश के वीरभद्र आईडीपीएल मार्ग स्थित सीमा डेंटल कॉलेज में मास्टर ऑफ डेंटल सर्जन (एमडीएस) तृतीय वर्ष की छात्रा थी।
दरवाजों को काटकर बाहर निकाला गया
टक्कर इतनी तेज थी कि तेज धमाके ने कालेकीढाल और सर्वहारा नगर को दहला दिया। आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकले। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कार के अंदर एक लड़की और एक लड़का अगली सीट पर और एक पीछे सीट पर फंसा हुआ था। कार के दरवाजे को काटकर उन्हें बमुश्किल बाहर निकाला। लड़की की मौके पर ही मौत हो गई थी।
हादसे में डॉ. अभिनीत कुमार सिंह (26) पुत्र बृज किशोर सिंह निवासी सी-टू, शक्ति विहार कालोनी, सेंटर जेल रोड, कैंट रोड, शिवपुर, वाराणसी (उत्तर प्रदेश) और डॉ. फिलिप पुत्र प्रदीप निवासी 32/185851 शरली रोड, इडापल्ली, कोथिन केरला हैं, जो सीमा डेंटल कालेज में एमडीएस द्वितीय वर्ष के छात्र हैं। कालेज सूत्रों के मुताबिक अभिनीत कि हालत नाजुक बनी हुई है।
परिजनों में मातम
बिटिया की मौत की खबर सुनते ही दिल्ली से तड़के ऋषिकेश अस्पताल पहुंचे परिजन शव देखकर फफक पड़े। रिश्तेदारों और परिचितों ने शिवानी के माता पिता को किसी तरह संभाला। रोते बिलखते सभी शव के पोस्टमार्टम के लिए दून रवाना हो गए।
कार से बीयर की बोतलें मिलीं
नशे और ओवर स्पीड ने दिल्ली के शर्मा परिवार की खुशियां छीन लीं। जिस बिटिया को बड़े अरमान से डाक्टरी की पढ़ाई के लिए ऋषिकेश भेजा, वह हादसे में मौत के मुंह में समा गई। यह दर्द परिवार को जिंदगी भर सालता रहेगा। पुलिस की माने तो हादसे की वजह तेज रफ्तार और नशा है।
पुलिस ने बताया कि कार में सवार सीमा डेंटल कालेज के एमडीएस छात्रा और छात्र रायवाला किसी पार्टी से वापस लौट रहे थे। दरअसल, स्टाफ में कुछ दिन पहले किसी की शादी हुई तो उसी ने बीते बृहस्पतिवार को रायवाला स्थित एक रेस्तरां में कॉकटेल पार्टी आयोजित की थी।
आईडीपीएल चौकी इंचार्ज योगेश कुमार ने बताया कि हादसे का कारण तेज रफ्तार और नशा है। कार करीब सौ से डेढ़ सौ किमी प्रतिघंटा की स्पीड से रही होगी। दुर्घटनाग्रस्त कार से बीयर की बोतलें बरामद हुई हैं। घायल नशे की हालत में थे।