मैन वर्सेज वाइल्ड: प्रकृति संग अनोखा सफर, कॉर्बेट पार्क में खतरों के बीच सहज दिखे पीएम मोदी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड में 520 वर्ग किलोमीटर में फैले जिम कॉर्बेट राष्ट्रीय उद्यान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संकट में भी सहज नजर आए। बेयर ग्रिल्स के साथ साहसिक यात्रा पर निकले पीएम ने बाघ के हमले से बचने के लिए हथियार बनाया और ‘मैन वर्सेज वाइल्ड’ शो के एंकर बेयर ग्रिल्स के साथ जंगल में मौजूद लकड़ी, बेल आदि से बनाई गई राफ्ट के सहारे उफनती नदी को पार किया।
मोदी ने प्रकृति के साथ सह अस्तित्व के भारतीय दर्शन के सिद्धांत को भी सामने रखा और कहा कि प्रकृति के खिलाफ होने पर हर चीज खतरनाक होती है, यहां तक की मानव भी। प्रकृति का सहयोग लेने पर हर खतरा टल जाता है। कई मौकों पर साफ दिखा कि वे खतरे में है, लेकिन उनके माथे पर कहीं कोई शिकन नहीं दिखाई दी। बेयर ग्रिल्स के साथ मोदी साहसिक यात्रा में भारतीय अध्यात्म और प्राचीन परंपरा के उपयोग से खतरे से खुद को बचाते हुए दिखाई दिए।
मोदी को देश का सबसे महत्वपूर्ण व्यक्ति बताया
बेयर ग्रिल्स ने शो के शुरुआत में ही मोदी को देश का सबसे महत्वपूर्ण व्यक्ति बताते हुए उन्हें कॉर्बेट के बाघों से खतरे के प्रति आगाह किया और उन्हें खतरों से बचाने की जिम्मेदारी अपने ऊपर होने का दावा किया। वन की बेहतरीन समझ और आधुनिक ज्ञान से ओतप्रोत बेयर ग्रिल्स जल्द ही पीएम के भारतीय सभ्यता में प्रकृति से जुडे़ ज्ञान की बारीकियों से आश्चर्यचकित होते नजर आए।
ग्रिल्स ने जंगल के खतरों की बात की तो मोदी बिना किसी आशंका के यह साफ कह गए कि प्रकृति से सहअस्तित्व जरूरी है। इसके बाद मोदी बाघ के हमले से बचने के लिए लकड़ी और पत्थर से बने भाले का अपने हाथ में लेते दिखाई दिए।
..और रात नौ बजे खत्म हुआ इंतजार
बियर ग्रिल्स के साथ पीएम की जुगलबंदी का लोग ट्रेलर जारी होने के दिन से ही इंतजार कर रहे थे। चैनल पर सोमवार रात नौ बजे उनका यह इंतजार खत्म हुआ। दुनिया के 180 देशों साथ ही उत्तराखंड ने भी इस शो का बड़ी उत्सुकता से देखा। राजनीतिक मंचों से सूट पहने लोगों के बीच शानदार भाषण देने वाले मोदी बीहड़ जंगल की तमाम मुश्किलों में भी सहज थे और मुस्कुरा रहे थे।
बेयर ग्रिल्स का मानना है कि मोदी की यही आदत उन्हें दुनिया के नेताओं में खास बनाती है। शो में दुनिया के लोगों को भी उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता को करीब से देखने का मौका मिला। यूं तो जिम कॉर्बेट राष्ट्रीय उद्यान पूरी दुनिया में विख्यात है, लेकिन मोदी के साथ फिल्माए गए इस विशेष एपिसोड के बाद यहां पर्यटकों की संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि होने का अनुमान है। जो उत्तराखंड पर्यटन के लिए एक शुरू संकेत है।
उत्तराखंड की जैव विविधता से रूबरू हुए 180 देश
विश्व प्रसिद्ध डिस्कवरी चैनल पर प्रसारित होने वाले दुनिया के चर्चित शो ‘मैन वर्सेज वाइल्ड’ के ग्लोबल प्रीमियर के प्रसारण का इंतजार सोमवार को समाप्त हुआ। बेयर ग्रिल्स द्वारा प्रस्तुत दुनिया के इस प्रसिद्ध साहसिक शो को भारत के साथ ही दुनिया के 180 देशों में देखा गया। सोमवार को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भी इस कार्यक्रम को देखा।
उन्होंने दुनिया के इस विशिष्ट एडवेंचर शो के लिए प्रधानमंत्री मोदी द्वारा उत्तराखंड के कॉर्बेट नेशनल पार्क का चुनाव करना राज्य के व्यापक हित में बताया। उन्होंने कहा कि इससे दुनिया में राज्य के प्रसिद्ध कॉर्बेट पार्क के साथ ही इस क्षेत्र के नैसर्गिक सौंदर्य और जैव विविधता को भी पहचान मिलेगी, साथ ही देश व दुनिया के लोगों का आवागमन इस क्षेत्र में बढ़ेगा।
विश्व प्रसिद्ध शो में जीवटता व साहस की मिसाल बने
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उत्तराखंड का सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री इस विश्व प्रसिद्ध शो में जीवटता व साहस की मिसाल बने। इससे पूर्व भी जब प्रधानमंत्री ने बाबा केदारनाथ की ध्यान गुफा में रात्रि विश्राम के साथ ही भगवान बदरीनाथ के दर्शन किए तो इस बार की यात्रा में लाखों यात्री उत्तराखंड आए, जो कि मिसाल बन गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की इस पहल से वन्यजीवों विशेषकर बाघ संरक्षण को भी बड़ी मदद मिलेगी, साथ ही इससे प्रकृति एवं जैव विविधता को संरक्षित करने का भी संदेश देश व दुनिया में जाएगा। उन्होंने इसे उत्तराखंड के पर्यटन को भी सुखद बताया है।