उत्तर भारत के सुप्रसिद्ध मां पूर्णागिरि धाम मेले में उमड़ा सैलाब, पहले दिन पहुंचे डेढ़ लाख भक्त
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर भारत के सुप्रसिद्ध मां पूर्णागिरि धाम में आज मेले के उद्घाटन के दिन भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। पहले दिन करीब डेढ़ लाख से ज्यादा श्रद्धालु धाम पहुंचे हैं। शुक्रवार रात 8 बजे से पूर्णागिरि मार्ग में जाम लगा रहा जो शनिवार दोपहर तक जारी रहा। कई यात्री यहां रात से जाम में फंसे रहे तो कई बगैर दर्शन के वापस लौटने को मजबूर हुए। हाईकोर्ट के जज आरसी खुल्बे ने भी परिवार संग मां पूर्णागिरि के दर्शन किए। सुबह साढ़े दस बजे जिलाधिकारी रणवीर सिंह चौहान ठुलीगाड़ प्रवेश द्वार पर मेले का विधिवत उद्घाटन किया।
शुक्रवार शाम तक करीब 30 हजार भक्तों ने देवी मां के दर्शन किए। इस बीच, श्रद्धालुओं को अव्यवस्थाओं से जूझना पड़ा। पर्याप्त फोर्स न पहुंचने से सुरक्षा व्यवस्था चुनिंदा पुलिस कर्मियों के कंधों पर टिकी रही। मेला कमेटी की ओर से तैनात स्वयंसेवक पुलिस के साथ व्यवस्था बनाने में जुटे रहे। मंदिर समिति अध्यक्ष पं. भुवन चंद्र पांडेय ने बताया कि भक्तों के आने का सिलसिला गुरुवार रात करीब 11 बजे से शुरू हो गया था। तड़के तीन बजे बाद एकाएक भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इससे ठुलीगाड़ में यात्री करीब तीन घंटे तक जाम में फंसे रहे।
मेला ड्यूटी के लिए ये फोर्स पहुंची
पूर्णागिरि मेला ड्यूटी के लिए जिले और बाहरी जिलों से मांगे गए फोर्स में से अब तक 9 उप निरीक्षक, 3 हेड कांस्टेबल, 15 कांस्टेबल और 8 महिला कांस्टेबलों के अलावा एक कंपनी पीएसी, डेढ़ सेक्शन एसडीआरएफ और 2 फायर टेंडर की ही आमद हुई है। कोतवाल चंद्रमोहन सिंह का कहना है कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर बाहरी जिलों से फोर्स कम मिल सकता है। लिहाजा, व्यवस्था बनाने को पुलिस कर्मियों के साथ ही मानदेय पर स्वयंसेवकों को भी तैनात किया जा रहा है।
खड़ायत ठुलीगाड़ के और तेज भैरव मंदिर के इंचार्ज
उप निरीक्षक सुरेंद्र सिंह खड़ायत को ठुलीगाड़ थाना और उप निरीक्षक तेज सिंह को भैरव मंदिर थाने का इंचार्ज बनाया गया है, जबकि पूर्व में तैनात ठुलीगाड़ इंचार्ज लक्ष्मण सिंह को मुख्य मंदिर सुरक्षा व्यवस्था का इंचार्ज बनाया गया है। तीनों पुलिस अधिकारियों ने अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया है।
श्रद्धालुओं की आवक से बढ़ी रौनक
मां पूर्णागिरि धाम में श्रद्धालुओं की आवाजाही से समूचे क्षेत्र में चहल-पहल बढ़ गई है। पूर्णागिरि धाम के अलावा बूम घाट, शारदा स्नानघाट और पड़ोसी देश नेपाल के सीमांत ब्रह्मदेव और महेंद्रनगर बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है।
मेला मजिस्ट्रेट ने दर्शन कर व्यवस्थाएं देखीं, निर्देश दिए
मेला मजिस्ट्रेट एसडीएम दयानंद सरस्वती ने मां पूर्णागिरि धाम के दर्शन कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने दुकानदारों को दुकानों में रेट लिस्ट चस्पा करने और पॉलिथीन का प्रयोग न करने की हिदायत दी। इस मौके पर मंदिर समिति अध्यक्ष पं. भुवन चंद्र पांडेय, जिपं के जेई नंदकिशोर आदि मौजूद थे।
स्टैंड पोस्टों में सुचारु नहीं हुई जलापूर्ति
मां पूर्णागिरि धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़नी शुरू हो गई है, लेकिन पेयजल की व्यवस्था अब भी दुरुस्त नहीं हो पाई है। शुक्रवार की सुबह दस बजे तक ठुलीगाड़ प्रवेश द्वार क्षेत्र में लगे स्टैंड पोस्टों में जलापूर्ति सुचारु नहीं किए जाने से यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस ने सवारी ढो रही आठ बाइकों को किया सीज
भारत-नेपाल के बीच बाइकों में अवैध ढंग से सवारी ढो रहे बाइकर्स पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को कोतवाल चंद्रमोहन सिंह, उप निरीक्षक योगेश दत्त, उप निरीक्षक अंजू यादव ने टनकपुर-बैराज से बाइकों में मनमाना किराया वसूल कर सवारी ढो रहे बाइकर्स पर डंडा चलाते हुए आठ बाइकों को सीज किया है। कोतवाल ने बताया कि बाइकों में सवारी ढोकर मनमाना किराया वसूले जाने की शिकायत के बाद कार्रवाई की गई है।
नेपाल के बाबा सिद्धनाथ मंदिर में मेले का उद्घाटन कल
मां पूर्णागिरि धाम की यात्रा से जुड़े नेपाल के ब्रह्मदेव स्थित बाबा सिद्धनाथ मंदिर में मेले का उद्घाटन 24 मार्च को होगा। मंदिर कमेटी अध्यक्ष वीर बहादुर खड़का ने बताया कि मेले का उद्घाटन प्रदेश संख्या सात के पर्यटन राज्यमंत्री प्रकाश रावल की ओर से सुबह दस बजे किया जाएगा।