फौजी के घर में चोरों ने लगाई सेंध, पैसे और जेवरात ही नहीं स्कूल बैग और शराब की पेटी तक ले गए
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड में कोटद्वार के रतनपुर गांव में रविवार रात चोरों ने एक फौजी के बंद घर के ताले तोड़कर वहां रखी नकदी व जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घर से लौटकर फौजी ने कोतवाली पुलिस को घटना की जानकारी दी।
एक सप्ताह के भीतर क्षेत्र में तीन चोरियां होने से लोगों ने पुलिस की गश्त और कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। फौजी अनूप सिंह ने बताया कि बालासौड़-रतनपुर संपर्क मार्ग पर उनका घर है। शनिवार सुबह वह परिवार समेत अपने गांव वत्सला तल्ला (रिखणीखाल) में धार्मिक पूजन अनुष्ठान में शामिल होने गए थे।
उन्होंने पड़ोसियों को देखरेख करने को कहा था। सोमवार रात जब पड़ोसी सोने के लिए उनके घर पहुंचे तो घर के मेन गेट का ताला टूटा हुआ मिला। उन्होंने घर में चोरी होने की जानकारी दी। अनूप सिंह ने बताया कि मंगलवार दोपहर को वह कोटद्वार पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी।
ताला तोड़कर घर में घुसे
अनूप सिंह ने बताया कि चोर मेन गेट का ताला तोड़कर घर में घुसे थे। उन्होंने सभी कमरे खंगाले हैं। चोर कान के झुमके, बच्चों के गले के दो जोड़ी हंसुले, तीन मोबाइल और चार्जर, एक पेटी शराब, बच्चों के स्कूल बैग और 25 हजार की नकदी ले उड़े।
उधर, क्षेत्र में चोरों की सक्रियता से जनप्रतिनिधियों ने पुलिस की गश्त और कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। पूर्व बीडीसी सदस्य राजेंद्र अणथ्वाल और विजय ध्यानी ने कहा कि क्षेत्र में चोरी की तीन वारदातें हो चुकी हैं।
बालासौड़ में किराए में रह रही एक शिक्षिका के कमरे का ताला तोड़कर चोर उनका लैपटॉप ले उड़े। एक अन्य घर में भी चोरी की घटना हो चुकी है। उन्होंने पुलिस क्षेत्राधिकारी को पत्र लिखकर रात्रि गश्त तेज करने और घटनाओं की पुनरावृत्ति पर रोक लगाने की मांग की है।