CG: दो ट्रकों के बीच लावारिस मिली पिकअप, तिरपाल हटाया तो 4 टन लोहा मिला; पुलिस ने किया जब्त
दंतेवाड़ा के भांसी थाना क्षेत्र में पुलिस ने लावारिस पिकअप से करीब 4 टन अवैध लोहे का कबाड़ बरामद किया। कबाड़ की कीमत एक लाख रुपये आंकी गई है। वाहन बचेली से लाया गया था। पुलिस आरोपियों की पहचान और कबाड़ के स्रोत की जांच कर रही है।
विस्तार
दंतेवाड़ा जिले के भांसी थाना क्षेत्र में चोरी और अवैध कबाड़ के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लावारिस पिकअप वाहन से करीब 4 टन लोहे का कबाड़ बरामद किया है। जब्त कबाड़ की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है।
भांसी थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम 23 अगस्त को एमसीपी चेकिंग और फोरेस्ट/खनिज जांच नाका भांसी की ओर गई थी। करीब दोपहर 3 बजे आईडीआई मेन रोड, भांसी बाजारपारा के पास सड़क किनारे दो ट्रकों के बीच एक सफेद रंग की पिकअप लावारिस हालत में खड़ी मिली।
पुलिस टीम ने वाहन की जांच की तो तिरपाल के अंदर भारी मात्रा में लोहे का कबाड़ भरा मिला। कबाड़ का वजन करीब 4 टन और अनुमानित कीमत एक लाख रुपये आंकी गई। पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए पिकअप और उसमें भरे कबाड़ को जब्त कर थाना भांसी में सुरक्षित रखवा दिया। मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ में पता चला कि वाहन को बचेली की ओर से लाया गया था। वाहन में सवार लोग खाना खाने जाने की बात कहकर उसे छोड़कर पैदल भांसी-किरंदुल की ओर चले गए थे।
पढ़ें: कोबरा ने युवक को डसा तो डॉक्टर बोले- पहले सांप लेकर आओ, फिर शुरू हुआ इलाज
किरंदुल और बचेली क्षेत्र के एनएमडीसी औद्योगिक इलाकों में चोरी और अवैध कबाड़ के कारोबार की शिकायतें लगातार सामने आ रही थीं। पुलिस इन घटनाओं पर रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। फिलहाल पुलिस जब्त कबाड़ के स्रोत और वाहन से जुड़े आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। मामले में आगे की जांच और कार्रवाई जारी है।