इंडिया ही नहीं नेपाल भी कर रहा नई सरकार का इंतजार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड के धारचूला से सिर्फ एक पुल की दूरी पर बसे नेपाल के दार्चुला को भी भारत की मंहगाई की चिंता है। वहां के लोगों को लगता है कि सरकार किसी की भी बने मंहगाई रुकनी चाहिए।
ऐसा इसलिए क्योंकि सीमा से सटी उनकी आबादी में जाने वाला राशन सब्जी और अन्य खाद्य सामग्री धारचूला से ही जाती है। कपडे और जूते-चप्पल के बाजार के रूप में विकसित दार्चुला में खेती भी होती है और फौज में शामिल लोगों के परिवार समेत बडी आबादी बसी हैं।
नेपाल के लोग भारत में हो रहे लोकसभा चुनाव को लेकर सजग हैं।
बलात्कार की घटनाओं से महिलाएं चिंतिंत
नेपाल की महिलाओं को भी भारत में होने वाली बलात्कार जैसी घटनाओं पर चिंता है। गहणी चंद्रकला कहती हैं कि सरकार ऐसी बने जो महिलाओं की सुरक्षा के संबंध में जरूर सोचे।
सुलोचना कहती हैं कि भारतीय न्यूज चैनल पर उन्हें महिलाओं के साथ होने वाले अत्याचार की जानकारी मिलती है।
शाम ढलते ही साढे छह बजे दोनों देशों के लोगों की इधर उधर की आवाजाही बंद हो जाती है। शाम का नजारा मंहगाई की सच्चाई को बयां भी करता है।
नेपाल की ओर जाने वाले आटा चावल दाल आदि के बैग पीठ पर लादकर जाते दिखते हैं। दूसरी ओर से आने वालों के हाथ कपडे जूते चप्पल और साज सज्जा के पैकेट होते हैं।
गांधी परिवार को याद करते हैं लोग
दार्चुला में महिलाओं के कपडे और प्रसाधन सामग्री बेचने वाली उर्मिला कहती हैं कि भारत में कोई भी जीते, हमारा राशन पानी मंहगा होने से रोके। उधर कुछ सामान मंहगाई की वजह से और कुछ ऐसा जिस पर कस्टम देना पड़ता है मंहगा हो जाता है।
दार्चुला व्यापार संघ के उपाध्यक्ष सुरेश थापा कहते हैं कांग्रेस की सरकार ज्यादा बेहतर होगी। उनका कहना है कि नेपाल से गांधी परिवार के रिश्ते चाहे इंदिरा गांधी या राजीव गांधी के जमाने से बेहतर रहे हैं।
राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनते हैं तो अच्छा रहेगा। उनका कहना है कि भारत- नेपाल के रिश्ते रोटी बेटी के हैं। दुकानदार सुरेन्द्र सिंह भी कांग्रेस के पक्षधर हैं और गांधी परिवार में ही रिश्तों का भविष्य देखते हैं।
हिंदु राष्ट्र के चहेतों की पसंद हैं मोदी
होटल चलाने वाले नारायण दत्त जोशी कहते हैं कि जो भी सरकार बने नेपाल से मैत्रीपूर्ण अच्छे रिश्ते रहें। युवा गणेश बिष्ट को आम आदमी पार्टी के अरविंद केजरीवाल के तर्क पसंद आते हैं। खेती करने वाले धन सिंह भाजपा की सरकार चाहते हैं।
भारत में नौकरी से रिटायर होने के बाद दार्चुला में दुकान चलाने वाले नंदन सिंह इंदिरागांधी के जबरदस्त फैन हैं। उनके काम काज और भाषण से प्रभावित हैं। कहीं तक कांग्रेस के अभी तक के कामों से भी संतुष्ट हैं लेकिन कहते हैं कि परिवर्तन होना चाहिए। गलतियों को सही करने के लिए यह जरूरी है।
नौकरी पेशा वीर सिंह हिंदु राष्ट के समर्थक हैं इसलिए भारत में भी हिंदूवादी सरकार चाहते हैं।