Uttarakhand Lockdown: राहत की खबर, प्रदेश में आज नहीं आया एक भी कोरोना संक्रमित मामला
- प्राइवेट लैब में फ्री नहीं कोरोना सैंपल की जांच
विस्तार
उत्तराखंड में बुधवार को कोरोना वायरस का नया पॉजिटिव केस नहीं मिला है। मेडिकल कालेज हल्द्वानी, एम्स ऋषिकेश और प्राइवेट लैब से आई जांच रिपोर्ट में 90 सैंपल नेगेटिव पाए गए हैं, जबकि 354 सैंपल की रिपोर्ट आने का इंतजार है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार बुधवार को पूरे प्रदेश से 239 सैंपल जांच के लिए भेजे गए।
तीन लैब से आई रिपोर्ट में 90 सैंपल में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है। प्रदेश में अब तक कोरोना संक्रमण के 37 मामले आए हैं, इनमें नौ मरीज स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से बुधवार को देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, पौड़ी, चंपावत, ऊधमसिंह नगर और रुद्रप्रयाग जनपद से कुल 239 सैंपल जांच के लिए भेजे गए। इसमें 228 सैंपल मेडिकल कालेज हल्द्वानी, एम्स ऋषिकेश भेजे गए, जबकि 11 सैंपल की जांच प्राइवेट लैब में की गई। अपर सचिव स्वास्थ्य युगल किशोर पंत ने बताया कि बुधवार को कोरोना वायरस का पॉजिटिव मामला सामने नहीं आया है।
प्राइवेट लैब में फ्री नहीं कोरोना सैंपल की जांच
अपर सचिव स्वास्थ्य युगल किशोर पंत ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी सैंपल जांच के लिए मेडिकल कालेज हल्द्वानी और एम्स ऋषिकेश भेजे जा रहे हैं। प्राइवेट लैब में विभाग कोई सैंपल नहीं भेज रहा है। यदि डॉक्टर किसी मरीज को कोरोना वायरस संक्रमण टेस्ट करने की सलाह देता है तो वह प्राइवेट लैब में टेस्ट करा सकता है। प्राइवेट लैब में एक टेस्ट 4500 रुपये में हो रहा है। आयुष्मान योजना के गोल्डन कार्ड पर भी प्राइवेट लैब में मुफ्त जांच की सुविधा है। आयुष्मान योजना के तहत पंजीकृत अस्पतालों में मरीज के भर्ती होने पर उसे निशुल्क इलाज की सुविधा मिलेगी।
पढ़ें...अन्य जगह के खास अपडेट
- प्रदेश के लिए आज राहत की खबर है। स्वास्थ्य विभाग को शाम पांच बजे तक मिली सभी 90 सैंपलों की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई हैं। प्रदेश में अभी 37 संक्रमित हैं। वहीं नौ लोग ठीक हो कर घर लौट चुकेे हैं।
- प्रशासन ने उत्तर भारत के प्रसिद्ध पूर्णागिरि मेले को भी समाप्त कर दिया है। बुधवार को बनबसा में मेला प्रशासन और मन्दिर समिति के साथ बैठक के बाद जिलाधिकारी ने 16 अप्रैल से मेले के लिए की गई पथ प्रकाश, चिकित्सा, सुरक्षा, यात्री विश्राम, सफाई आदि सभी सरकारी व्यवस्थाएं हटाने के आदेश दिए है। इस बार 11 मार्च से मेला शुरू हुआ था। जो 15 जून तक चलना था, लेकिन कोरोना संकट के कारण प्रशासन ने 6 दिन बाद ही मेला स्थगित कर दिया था। जबकि मेले की व्यवस्थाओं को यथावत रखा गया था। कोरोना संक्रमण के मौजूदा हालात के मध्यनजर प्रशासन ने अब मेला समाप्त कर मेला क्षेत्र से सभी सरकाई व्यवस्थाएं हटा दी है।
- रुद्रपुर में डीएम डॉ. नीरज खैरवाल ने बताया कि जिले की जसपुर तहसील से लगी यूपी की अफजलगढ़ तहसील के ग्राम मनियावाला में कोविड-19 से संक्रमित व्यक्ति के सैंपल जांच में पॉजिटिव आए हैं। मनियावाला गांव से सीमा पर लगे जसपुर के सात गांवों में मानवीय आवागमन और एस दूसरे से संपर्क में आने की पूरी संभावना है। इसके कारण जिले के उक्त गांवों में संक्रमण फैलने का खतरा पैदा हो गया है। उन्होंने एसडीएम जसपुर को मनियावाला गांव से लगे जिले के सात गांवों अंगदपुर, धर्मपुर, आसपुर, रायपुर, पूरनपुर, गूलरभोजी, किशनपुर को अग्रिम आदेशों तक होम क्वारंटीन करने के निर्देश दिए हैं। इस अवधि में सभी लोग अपने घरों में ही रहेंगे। किसी बाहारी व्यक्ति का इन गांवों में प्रवेश प्रतिबन्धित रहेगा। इन गांवों में आवश्यक वस्तुओं की डोर-टू-डोर आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। आकस्मिक सेवाएं निर्वाध रूप से संचालित होंगी। बताया कि नोडल अधिकारी सुनिश्चित करेंगे कि खाद्यान्न, सब्जियों और अन्य दैनिक उपभोग की वस्तुओं की पर्याप्त मात्रा में आपूर्ति होती रहे। उन्होंने सीएमओ को सात गांवों के लिए अलग-अलग टीमें टीमें गठित करने, घर-घर जाकर सभी लोगों की स्क्रीनिंग तथा सैंपल लेने की कार्यवाही तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए हैं।
- पुलिस महानिदेशक लॉ एंड ऑर्डर अशोक कुमार ने कहा कि सार्वजनिक स्थान पर मास्क नहीं पहनने वाले लोगों के खिलाफ अब केस दर्ज किया जाएगा। कानून को अपने हाथ में लेने वाले लोगों को किसी कीमत पर बर्दास्त नहीं किया जाएगा। रुद्रपुर में जमातियों को पकडऩे वाली पुलिस टीम की प्रशंसा करते हुए, उन्होंने एसपी सिटी देवेंद्र पिंचा व सीओ अमित कुमार को 20 हजार रुपये का चेक सौंपा।
- मसूरी में लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले बाइक चालकों और चार पहिया वाहनों पर एसडीएम वरुण चौधरी ने कार्रवाई की। एसडीएम द्वारा दोपहिया वाहनों के चालकों को रोककर 100 पुश अप लगवाए। सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी।
- बड़कोट नगर पालिका क्षेत्र में पुलिस के जवानों ने फ्लैग मार्च किया। इस दौरान लॉकडाउन के उल्लंघन के आरोप में 11 लोगों का चालान किया। पुरोला में भी पुलिस ने गश्त तेज कर दी है।
- कोरोना प्रभावितों की मदद के लिए रिटायर्ड कर्नल आरके भंडारी ने एक लाख एक हजार रुपये का चेक कुमाऊं रेजिमेंट के कमांडेंट ब्रिगेडियर जीएस राठौर के माध्यम से सिविल प्रशासन को सौंपा। नई टिहरी में टीएचडीसी स्वास्थ्य विभाग से 2015 में सेवानिवृत्त हुई प्रेमा देवी ने सीएम राहत कोष में एक लाख रुपए का चेक प्रदान किया। कोरोना से लड़ाई के लिए विधवा महिला ने राशि दान दी। महिला के परिवार में अन्य कोई सदस्य नही है।
- गोपेश्वर के हलदा पानी में स्थानीय व पाडुली के लोगों ने कोरोना वारियर्स पुलिस कर्मियों का फूल माला पहनाकर और ताली बजाकर स्वागत किया। पुलिस कर्मियों पर पुष्प वर्षा की।
- मसूरी एसडीएम वरुण चौधरी द्वारा शहर में ताबड़तोड़ छापेमारी की गई। लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन करने पर एक दुकान को सीज किया और एक युवक को गिरफ्तार किया। युवक को पुलिस के हवाले किया। एसडीएम वरुण चौधरी ने कहा कि लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
- अल्मोड़ा के एक एटीएम में लोगों की लंबी लाइन देखने को मिली। जिसमें लोग रुपए जमा करने के अलावा पासबुक में एंट्री कराने के लिए पहुंचे और लोगों द्वारा सामाजिक दूरी का भी पालन किया गया।
- उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट डालने पर देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में मामला दर्ज किया गया है।
- रानीखेत में कोरोना पॉजिटिव केस मिलने के बाद सील कुरेशियन मोहल्ला, सुदामापुरी और लोअर खड़ी बाजार के लोगों के सम्मुख अब नकदी का संकट खड़ा हो गया है, हालांकि प्रशासन की और से राशन की व्यवस्था की जा रही है। लोगों को बाहर निकलने की अनुमति नहीं है। बैंक और एटीएम सील एरिया से बाहर हैं। लोग नकदी के लिए परेशान हैं, सील एरिया के लोगों ने बताया कि ग्रामीण बैंक द्वारा एटीएम वेन सील एरिया में भेजी गई थी। लेकिन दूसरे बैंकों के उपभोक्ता को इसका लाभ नहीं मिल रहा। प्रशासन का कहना है कि इस समस्या का समाधान किया जाएगा।
- लॉकडाउन का पहला चरण पूरा होने के बाद हल्द्वानी में 124 लोगों को क्वारंटीन में रखा गया था। आज उनको अल्मोड़ा लाया गया और लोधिया में सभी की थर्मल स्कैनिंग कर सभी लोगों को उनके घर भेजा जा रहा है।
- बागेश्वर जिला मुख्यालय के संस्थागत क्वारंटीन में रखे गए लोगों में से 10 लोगों ने 14 दिन क्वारंटीन की अवधि पूरी कर ली है। इन लोगों को घर भेज दिया गया है।
- नैनीताल में टीआरसी मल्लीताल में भर्ती 53 संदिग्ध में से 41 डिस्चार्ज किये गए। उन्हें घर पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। बागेश्वर में लोग सोशल डिस्टेंस का पालन नहीं कर रहे हैं।
- लॉकडाउन के दौरान पिथौरागढ़ में बेवजह घूम रहे लोगों को पुलिस द्वारा चेतावनी दी गई।
- राजधानी देहरादून में भी क्विक रिस्पांस टीम तैनात की गई है। देहरादून में वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है। यहां आईटीबीपी के जवान भी तैनात किए गए हैं।
अन्य जगह के बड़े अपडेट
- ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों की लापरवाही से रुद्रपुर बाजार की दुकानों में एक फिर सामाजिक दूरी के नियम की खुलेआम धज्जियां उड़ने लगी है। लॉकडाउन में सुबह के समय मिल रही छूट का दुकानदार और ग्राहक दोनों ही दुरुपयोग कर रहे हैं। रुद्रपुर के गोल मार्केट और सब्जी मंडी में बुधवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे के बाद दुकानों पर लोगों की भीड़ बढ़नी शुरू हुई। मेडिकल स्टोर, दूध डेयरी और सब्जी मंडी स्थित किराना स्टोर में लोगों ने सामाजिक दूरी के नियमों का खुलेआम उल्लंघन किया। ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मी मुस्तैदी के बजाय आपस में बातें करते नजर आ रहे थे। ग्राहकों से न दुकानदारों ने अपील की, न ही पुलिस ने सख्ती दिखाई l
- हल्द्वानी ताज चौराहे पर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था अशोक कुमार पहुंचे। उन्होंने बनभूलपुरा में फ्लैग मार्च किया।
- पिथौरागढ़ गांधी चौक में सब्जी की दुकानों में खरीदारी को कम ही लोग आ रहे हैं।
- हरिद्वार में ज्वालापुर में रेलवे फाटक के पास बैंक के बाहर भीड़ लगी है। सोशल डिस्टेंस को नजरअंदाज किया जा रहा है।
- हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र व ताज चौराहे पर रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) के जवान तैनात कर दिए गए हैं। यहां जवान मंगलवार को पहुंच गए थे। इस क्षेत्र में राज्य सरकार द्वारा कर्फ्यू लगाया गया है।
- हरिद्वार-रुड़की में आज से आईटीबीपी और रैपिड एक्शन फोर्स मोर्चा संभालेगी। फ्लैग मार्च निकालकर लोगों को सतर्क करने की तैयारी है। दोपहर बाद संवेदनशील इलाकों में जवान तैनात किए जाएंगे।
- प्रदेश सरकार ने देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल को संवेदनशील माना है। इन चार जिलों में सरकार तीन मई तक लॉकडाउन के तहत पाबंदियां बरकार रखने पर विचार कर रही है। केंद्र की गाइडलाइन आने के बाद अन्य नौ जिलों में लॉकडाउन के तहत आंशिक राहत देने की कार्ययोजना बनेगी। अभी यह निर्णय नहीं हुआ कि सरकार 20 अप्रैल से पहले इन जिलों में राहत देने के लिए केंद्र को प्रस्ताव भेजेगी या फिर केंद्र से आने वाले निर्देश के बाद रणनीति तैयार करेगी।
- आज भी रोज की तरह सुबह सात बजे से दुकानें खुलीं। राजधानी देहरादून और रुद्रपुर में बाजार में भीड़भाड़ नजर नहीं आई।