Lockdown: बिना मास्क लगाए बैठक करने पर भीम आर्मी के नेता समेत पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज
- एक घर में बिना मास्क लगाए पांच लोग कर रहे थे बैठक
- पुलिस ने पांचों को हिरासत में लिया, नोटिस देने के बाद छोड़ा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रुड़की में एक घर में चार से अधिक लोगों के जमा होकर बिना मास्क लगाए बैठक कर लॉकडाउन का उल्लंघन करने के मामले में पुलिस ने भीम आर्मी के हरिद्वार जिला प्रभारी समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही उनके खिलाफ धारा 144 समेत आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया। हालांकि, बाद में पुलिस ने पांचों को नोटिस देकर छोड़ दिया। कोरोना के चलते प्रदेश में धारा 144 लागू है। इसके बाद भी कई लोग नियम का पालन नहीं कर रहे हैं।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित ढंडेरा में मंगलवार की रात भीम आर्मी के जिला प्रभारी सोनू अपने घर पर चार से अधिक लोगों के साथ बैठक कर रहे थे। इसकी शिकायत किसी ने पुलिस से की। सूचना मिलते ही रात में पुलिस मौके पर पहुंची तो घर में पांच लोग बिना मास्क लगाकर बैठक करते मिले। पुलिस ने बैठक करने की बाबत जानकारी ली तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। इस पर पुलिस ने पांचों को गिरफ्तार कर लिया।
कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि एसएसआई प्रदीप कुमार की तहरीर पर भीम आर्मी के जिला प्रभारी सोनू पुत्र सतीश कुमार, अंकित पुत्र रणधीर सिंह, सुधीर कुमार पुत्र रमेश चंद, हरेंद्र पुत्र बिरम और जितेंद्र कुमार पुत्र जगदीश निवासी राज विहार कॉलोनी (ढंडेरा) के खिलाफ धारा 144 और लॉकडाउन का उल्लंघन, आपदा प्रबंधन अधिनियम व धारा 188 के तहत केस दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि रात में ही पांचों को नोटिस देकर जमानत पर छोड़ दिया है। मामले में जांच की जा रही है।
बॉर्डर पर पहुंचे 21 मजदूरों को वापस भेजा
भगवानपुर में सहारनपुर से भगवानपुर बॉर्डर पहुंचे आजमगढ़ के 21 मजदूरों की स्वास्थ्य जांच कराने के बाद वापस भेज दिया गया। सभी मजदूर एक ट्रक में बैठकर भगवानपुर बॉर्डर पर पहुंचे थे।
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को 21 मजदूर मंडावर चेक पोस्ट पर पहुंच गए। चेक पोस्ट पर मौजूद लोगों ने सभी मजदूरों को रोक लिया। पूछताछ में पता चला कि सभी मजदूर आजमगढ़ जिले के रहने वाले हैं। लॉकडाउन से पहले सहारनपुर जिले के एक गांव में काम करने गए थे, लेकिन लॉकडाउन के कारण अब वह अपने गांव वापस जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि वह सहारनपुर से एक ट्रक में बैठकर बॉर्डर तक पहुंचे थे।
ट्रक चालक ने बॉर्डर से पहले ही उतार दिया था। इसके बाद पुलिस ने स्वास्थ्य विभाग को जानकारी दी। स्वास्थ्य विभाग ने मौके पर पहुंचकर सभी की जांच की, लेकिन जांच में सभी सामान्य पाए गए। इसके बाद पुलिस व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने उन्हें वापस लौटा दिया। एसआई मनोज ममगाईं का कहना है कि मजदूरों को खाना खिलाकर वापस कर दिया गया है।