कलेक्ट्रेट परिसर में आकाशीय बिजली गिरने से हड़कंप, दहशत में आए अधिकारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रजिस्ट्रार कार्यालय के सामने बिजली गिरने से बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में दहशत फैल गई। दोपहर साढ़े तीन बजे जैसे ही आकाशीय बिजली गिरी, लोग ईधर-उधर भागने लगे।
हालांकि जान-माल का कोई नुकसान नहीं हुआ है। देर रात तक प्रशासन व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटा रहा। बुधवार को कलेक्ट्रेट में सामान्य दिनों की तरह काम चल रहा था। इस दौरान दोपहर साढ़े तीन बजे अचानक बादलों के तेज गड़गड़ाहट के साथ ही आकाशीय बिजली रजिस्ट्रार कार्यालय के पास गिरी।
यह नजारा देख कलेक्ट्रेट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। लोग ईधर-उधर भागने लगे। रजिस्ट्रार कार्यालय, स्वान और देवीय आपदा कार्यालय के उपकरण फुंक गए। नेटवर्क पूरी तरह से ठप हो गया। जिसके चलते दिनभर यहां काम-काज ठप रहा। यहां आने वाले लोग परेशान रहे। दिनभर न तो रजिस्ट्री हो पाई और न ही अन्य कार्य।
बिजली गिरने से सरकारी उपकरण फुंके
एक ओर जहां अधिकारी-कर्मचारी खाली बैठे रहे वहीं लोग भी यहां तक आकर लौटते रहे। मामले की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी ने तुरंत व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
एडीएम ने संभाला मोर्चा
बुधवार को जिस समय आकाशीय बिजली गिरी। उस समय एडीएम प्रशासन हरवीर सिंह जिला निर्वाचन कार्यालय में बैठे थे। जिला निर्वाचन कार्यालय ठीक रजिस्ट्रार कार्यालय के सामने हैं। बिजली गिरने की आवाज सुनते ही एडीएम तुरंत कमरे से बाहर आए तो देखा लोग दहशत में हैं। उन्होंने तुरंत मोर्चा संभालते हुए लोगों से धैर्य बनाने को कहा। इसके पश्चात रजिस्ट्रार और स्वान कार्यालय का जायजा लिया।
बिजली गिरने से सरकारी उपकरण फुंके हैं। स्वान का नेटवर्क ठप हो गया है। रजिस्ट्रार कार्यालय के उपकरणों को नुकसान हुआ है। जिसका स्टीमेट तैयार कराया जा रहा है। इसके बाद यह बजट दैवीय आपदा के तहत भी मांगा जा सकता है।
- रविनाथ रमन, जिलाधिकारी