भारी बारिश से यमुनोत्री हाईवे पर आया मलबा, तीर्थयात्री रास्ते में ही फंसे, यात्रा रुकी
बुधवार शाम को मूसलाधार बारिश से ओजरी डबरकोट में भूस्खलन सक्रिय होने से यमुनोत्री हाईवे एक बार फिर अवरुद्ध हो गया। पुलिस व प्रशासन ने यमुनोत्री जा रहे और लौट रहे तीर्थयात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोक दिया है।
एनएच के अधिकारी मशीनें लगाकर मलबा साफ कराने में जुटे हैं। बुधवार दोपहर बाद जिला मुख्यालय सहित बड़कोट, मनेरी आदि स्थानों पर झमाझम बारिश हुई। बारिश से जहां लोगों को तपती गर्मी से राहत मिली, वहीं ज्ञानसू, जोशियाड़ा आदि स्थानों पर जलभराव के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना भी करना पड़ा।
शाम करीब साढ़े चार बजे ओजरी डबरकोट में भूस्खलन सक्रिय होने से यमुनोत्री राजमार्ग एक बार फिर अवरुद्ध हो गया। इसके चलते यमुनोत्री धाम से लौट रहे करीब डेढ़ सौ छोटे-बड़े वाहन तथा यमुनोत्री की ओर जा रहे करीब दो दर्जन वाहन आगे नहीं बढ़ पाए।
फिलहाल पुलिस प्रशासन ने यात्रियों को सुरक्षित पड़ावों पर ठहरा दिया है। ओजरी डबरकोट वाले हिस्से में एसडीआरएफ एवं पुलिस की टीम तैनात की गई है। एनएच के अधिकारियों ने बारिश थमते ही मौके पर मशीनों से मलबा साफ कराकर यातायात बहाली के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
हालांकि पहाड़ी से रुक-रुककर मलबा और भारी बोल्डर आने से यातायात बहाली में समय लग रहा है। मौके पर तैनात पुलिस के एसआई रजनीश कुमार ने बताया कि सभी यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका गया है। यहां देर रात यातायात सुचारु होने की उम्मीद है।