किसान सम्मान निधि: उत्तराखंड के 8.27 लाख किसान परिवारों के खातों में पहुंचे 165 करोड़ रुपये
- पीएम मोदी ने देश के नौ करोड़ किसान परिवारों के खाते में 18 हजार करोड़ आनलाइन ट्रांसफर किए
- पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म दिवस और सुशासन दिवस पर किसानों को तोहफा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तराखंड के आठ लाख 27 हजार किसान परिवारों के खातों में शुक्रवार को डीबीटी के माध्यम से सीधे 165 करोड़ रुपये पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के नौ करोड़ किसान परिवारों को 18 हजार करोड़ की किसान सम्मान निधि के आनलाइन ट्रांसफर की सौगात दी।
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म दिवस और सुशासन दिवस के अवसर पर केंद्र सरकार ने देश के किसानों को यह तोहफा दिया। राजधानी देहरादून में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत अपने आवास से और भाजपा के वरिष्ठ नेता पवेलियन मैदान से इस वर्चुअल कार्यक्रम से जुड़े।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने विभिन्न राज्यों के किसानों से बातचीत की। पीएम ने किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड नए कृषि कानून से किसानों को होने वाले फायदों के बारे में उनसे जानकारी ली।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि पीएम मोदी की पारदर्शी सोच से किसानों के खातों में सालाना छह हजार रुपये पीएम किसान सम्मान निधि खाते में पहुंचता है। किसानों की आय दुगुनी करने के लिए कृषि सुधार किए गए हैं।
किसान कहीं भी अपने उत्पाद बेच सकता है
आज हमारा किसान बेड़ियों में जकड़ा हुआ नहीं है। आज कहीं भी जाकर वह अपने उत्पादों को बेच सकता है। तमाम लोग भ्रम फैला रहे हैं, कि एमएसपी खत्म हो जाएगी, ये लोग किसानों को धोखा देने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में किसानों को तीन लाख एवं समूहों को पांच लाख रूपये तक का ब्याज मुक्त ऋण दिया जा रहा है।
गन्ना किसानों का पूर्ण भुगतान किया जा चुका है। इकबालपुर शुगर मिल को सरकार ने अपनी गारंटी पर लोन दिलवाया। 22500 किसान इस मिल में कार्य करते हैं। इन किसानों का भुगतान हो रहा है।
उत्तराखंड में वर्ष 2019-20 में दो लाख 12 हजार 621 किसानों ने फसल बीमा कराया। जिसमें 96 हजार 770 किसानों को 103.55 करोड़ की क्षतिपूर्ति का भुगतान हुआ। पीएम फसल बीमा योजना शुरू होने से अब तक राज्य में 3 लाख 15 हजार 67 किसानों को 282.82 करोड़ रूपये की क्षतिपूर्ति प्राप्त हुई।
इस अवसर पर वर्चुअल माध्यम से केंद्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, देहरादून के पवेलियन मैदान में आयोजित कार्यक्रम में सांसद एवं उत्तराखंड भाजपा की सह प्रभारी रेखा वर्मा, विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल, राज्य सभा सांसद नरेश बंसल, विधायक हरबंस कपूर, गणेश जोशी, खजान दास, मुन्नी देवी शाह, मेयर सुनील उनियाल गामा, मुख्य सचिव ओम प्रकाश एवं कृषक उपस्थित थे।