उत्तराखंड: अगले महीने होगा खेल महाकुंभ,16 प्रतियोगिताओं में दो लाख खिलाड़ी करेंगे प्रतिभाग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश में अगले महीने के पहले सप्ताह में खेल महाकुंभ होगा, जिसमें 16 खेल प्रतियोगिताओं में दो लाख से अधिक खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। शुक्रवार को खेल एवं युवा कल्याण सचिव बृजेश कुमार संत ने राज्य स्तरीय आयोजन समिति की बैठक लेते हुए इसकी तैयारी को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
सचिवालय में राज्य स्तरीय आयोजन समिति की बैठक लेते हुए खेल सचिव ने कहा कि खेल महाकुंभ में कबड्डी, एथलेटिक्स, खो-खो, वालीबाल, बैडमिंटन, फु टबाल, टेबल-टेनिस, ताईक्वांडो, बॉक्सिंग, जूडो, हैंडबाल, बास्केटबाल, हॉकी, तैराकी, तीरंदाजी व तलवारबाजी प्रतियोगिता शामिल हैं।
जिसमें तैराकी, तीरंदाजी व तलवारबाजी को पहली बार शामिल किया गया है। जिसका आयोजन राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ में अंडर 14 व अंडर 17 बालक-बालिका वर्ग में किया जाएगा। वही दिव्यांगजन के लिए सीधे राज्य स्तर पर एथलेटिक्स, गोला फेंक, चक्का फेंक, भाला फेंक, लंबी कूद एवं बैडमिंटन प्रतियोगिता आयोजित होगी।
खेल सचिव ने बताया कि खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन न्याय पंचायत स्तर, ब्लाक स्तर, जिला स्तर एवं इसके बाद राज्य स्तर पर किया जाएगा। खेलों के लिए निर्धारित आयु वर्ग अंडर 12, अंडर 14, अंडर 17, अंडर 21 बालक, बालिका वर्ग में होंगी। वहीं 21 एवं 25 आयु वर्ग में महिला वर्ग एवं दिव्यांगजन को रखा गया है।
खेल सचिव ने बताया कि विकासखंड, जनपद एवं राज्य स्तर के खेलों में प्रत्येक खेल में प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया जाएगा। वहीं टीम चैंपियनशिप में सभी वर्गों को विजेता एवं उप विजेता की शील्ड व ट्राफी दी जाएगी।
खेल सचिव ने बताया कि महाकुंभ में अंडर 12 आयु वर्ग को पहली बार रखा गया है, ताकि इस वर्ग के विजेताओं को राज्य के स्पोर्ट्स कालेजों में प्रवेश के दौरान प्राथमिकता दी जा सके।
बैठक में खेल सचिव ने बताया कि वर्ष 2021 में उत्तराखंड में राष्ट्रीय खेलों का आयोजन होना है, जिसके लिए खेल महाकुंभ के दौरान प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन भी किया जाएगा।
बैठक में अपर सचिव प्रताप सिंह शाह, निदेशक विद्यालयी शिक्षा आरके कुंवर, अपर निदेशक स्वास्थ्य डा. सुमन आर्या, उप निदेशक सूचना नितिन उपाध्याय, संयुक्त निदेशक खेल आरसी डिमरी, संयुक्त निदेशक युवा कल्याण शक्ति सिंह, उप निदेशक युवा कल्याण चंद्र किशोर नौटियाल, सीडी अन्थवाल, धमेन्द्र भट्ट आदि मौजूद रहे।