Kedarnath: हेली सेवा संचालन से पहले ही धाम हेलीपैड पर हुआ हादसा, तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी उठे सवाल
पिछले साल भी अक्तूबर 2022 में केदार घाटी में आर्यन एविएशन का हेलीकॉप्टर दुर्घटना ग्रस्त हो गया था, जिसमें पायलट समेत 6 तीर्थयात्रियों की मौत हुई थी। मुख्यमंत्री ने यात्रा काल के दौरान हेलीकॉप्टर से यात्रा करने वाले यात्रियों की हेलीपैड पर चढ़ने व उतरते समय सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चारधाम यात्रा के लिए केदारनाथ हेली सेवा संचालन से पहले ही हेलीपैड पर हादसा हो गया। केस्ट्रल कंपनी के हेलीकॉप्टर के पिछले टेल रोटर पंखे की चपेट में आने से उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) के वित्त नियंत्रक अमित सैनी की मौत हो गई। वे रविवार को निरीक्षण के लिए डीजीसीए टीम के साथ केदारनाथ हेलीपैड गए थे।
घटनाक्रम के अनुसार केदारनाथ हेलिपैड पर सबसे पहले सीईओ हेलिकॉप्टर में बैठे। वित्त नियंत्रक अमित सैनी हेलीकॉप्टर के पीछे की ओर से दूसरे दरवाजे की ओर जाने लगे और वह वह टेल रोटर पंखे की चपेट में आ गए। इस बीच मौजूद लोग उन्हें रोकने के लिए चिल्लाए भी, लेकिन हेलिकाप्टर की आवाज के कारण उन्हें कुछ सुनाई नहीं दिया। वह हादसे के शिकार हो गए।
सचिव नागरिक उड्डयन दिलीप जावलकर ने बताया कि हेली सेवा संचालन से पहले डीजीसीए की टीम निरीक्षण करने आई थी, जिसमें यूकाडा के अधिकारी भी थे। यूकाडा के सीईओ सी. रविशंकर, अपर कार्यकारी अधिकारी अनिल गर्ब्याल, वित्त नियंत्रक अमित सैनी भी टीम के साथ मौजूद थे। हेलीपैड पर सुरक्षा मानकों का निरीक्षण करने के बाद यह हादसा हुआ। डीजीसीए की तकनीकी टीम हादसे के कारणों की जांच करेगी।
तीर्थयात्रियों की सुरक्षा पर उठे सवाल
चारधाम यात्रा के दौरान केदारनाथ के लिए गुप्तकाशी, सिरसी, फाटा से हेली सेवा संचालित की जाती है, लेकिन यात्रियों को उतारने और चढ़ाते समय हेलीकॉप्टर के पंखे बंद नहीं होते हैं। यूकाडा के वित्त नियंत्रक के साथ हुए हादसे से हेली सेवा से जाने वाले यात्रियाें की सुरक्षा पर सवाल उठे रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने यात्रा काल के दौरान हेलीकॉप्टर से यात्रा करने वाले यात्रियों की हेलीपैड पर चढ़ने व उतरते समय सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। पिछले साल भी अक्तूबर 2022 में केदार घाटी में आर्यन एविएशन का हेलीकॉप्टर दुर्घटना ग्रस्त हो गया था, जिसमें पायलट समेत 6 तीर्थयात्रियों की मौत हुई थी।
ये भी पढ़ें...Kedarnath Dham: ऑक्सीजन लेवल कम होने पर बिगड़ी धाम में दो लोगों की तबीयत, एयरलिफ्ट किया गया
मुख्यमंंत्री धामी ने जताया शोक
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केदारनाथ में हेलीकॉप्टर की चपेट में आने से यूकाडा के वित्त नियंत्रक अमित सैनी की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिजनों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से कामना की है। मुख्यमंत्री ने इस घटना को दुखद बताते हुए दुर्घटना के कारणों की जांच के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही इस प्रकार की घटनाओं की भविष्य में पुनरावृत्ति न हो, प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं।