उत्तराखंड: बारिश भी रोक नहीं पाई देश भक्तों की राह, श्रद्धांजलि देने पहुंचे सैकड़ाें लोग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कारगिल विजय दिवस के मौके पर देहरादून और हरिद्वार में अमर उजाला द्वारा शहीदों के सम्मान में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। वहीं गांधी पार्क में आयोजित कार्यक्रम में सीएम ने शिरकत की।
राजधानी देहरादून के गांधी पार्क में कारगिल विजय दिवस के मौके पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, राज्य मंत्री धन सिंह, विधायक गणेश जोशी और बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक मौजूद रहे।
देहरादून के गांधी पार्क स्थित शहीद स्मारक के निकट आयोजित सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि युद्धों के इतिहास में कारगिल युद्ध एक विषम तरह का युद्ध था। जहां सैनिकों ने अपनी बुद्धिमता व अदम्य साहस का परिचय दिया। यह एक ऐसा युद्ध था जहां हमने अपनी एक इंच भी जमीन नहीं खोई। कहा कि शहीदों के खून के एक एक कतरे का बदला लिया गया। जब भी कारगिल की बात होगी अटल जी याद आएंगे। वह आज गंभीर रूप से अस्वस्थ हैं और उनके जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हैं।
सैनिकों का हर विषय भावनाओं से जुडा है। ऐसे में मैने कहा है कि कोई भी सैनिक कभी अपनी समस्या लेकर आए तो उसे रोके नहीं। सीएम ने कहा कि सीमित संसाधनों में भी हम अधिकतम करने का प्रयास कर रहे हैं। अगले साल से हर स्कूल में शौर्य दिवस पर कार्यक्रम होंगे। भावी पीढ़ी को कारगिल शहीदों के बारे में बताया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगली दफा से यह कार्यक्रम और भव्य व सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित किया जाएगा। इस बावत सैनिक कल्याण निदेशालय को प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया है।
देहरादून में निकाली गई बाइक रैली
कारगिल शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए बृहस्पतिवार को अमर उजाला और टीवीएस मोटर की ओर से देहरादून में ‘कारगिल कॉलिंग-राइड फॉर द रियल स्टार्स’ का आयोजन किया गया। यह बाइक रैली शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से होकर गुजरेगी।
कार्यक्रम के दौरान कैंट बोर्ड के अध्यक्ष ब्रिगेडियर सुभाष पंवार ने लोगों को संबोधित किया। मिलन केंद्र कम्यूनिटी हॉल, कैंट बोर्ड क्लेमेंटटाउन के सामने से कारगिल कॉलिंग रैली को कैंट बोर्ड के अध्यक्ष ब्रिगेडियर सुभाष पंवार हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान लोग भी शहीदों को श्रद्धांजलि दे सकेंगे। रैली के साथ एक प्रतीकात्मक वाहन भी चलेगा, जिसमें कारगिल शहीदों को श्रद्धांजलि दी जा सकती है।
रैली क्लेमेंटटाउन से शुरू होकर चंद्रबनी चौक से जीएमएस रोड होते हुए घंटाघर और फिर राजपुर रोड तक जाएगी। रैली का समापन गांधी पार्क में होगा।
हरिद्वार में आयोजित कार्यक्रम में भारी संख्या में पहुंचे लोग
हरिद्वार में ‘अमर उजाला’ और जुर्स कंट्री के भव्य आयोजन में कारगिल के अमर शहीदों और जाबांजों को सलामी दी। बारिश भी लोगों के हौसले को डिगा नहीं सकी।
आयोजन में हरिद्वार में अब तक के सबसे बड़े राष्ट्रगान का आयोजन किया गया। देशभक्ति से ओतप्रोत गीतों से भरे इस आयोजन में कई कॉलेज के छात्रा, छात्राएं, राजनीतिक दलों व अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधि, व्यापार मंडल ने शिरकत की।
बृहस्पतिवार सुबह नौ बजे जिलाधिकारी दीपक रावत, एसएसपी कृष्ण कुमार वीके तथा जुर्स कंट्री के चेयरमैन यूसी जैन, एकम्स ग्रुप के चेयरमैन संदीप जैन, माहेश्वरी ग्रुप के चेयरमैन दीपक माहेश्वरी और एचईसी ग्रुप ऑफ कॉलेज के चेयरमैन संदीप चौधरी ने झंडारोहण किया।