कानपुर एनकाउंटर पर बोले डीजी अशोक कुमार, उत्तराखंड को अपराधियों की पनाहगाह नहीं बनने देंगे
- कानपुर के बदमाश विकास दुबे के फरार होने पर अलर्ट पर हैं उत्तर भारत के राज्य
विस्तार
कानपुर कांड के मुख्य आरोपी विकास दुबे के फरार होने के बाद उत्तर व मध्य भारत के लगभग सभी राज्य अलर्ट पर हैं। इसी बीच डीजी क्राइम अशोक कुमार ने कहा कि पुलिस उत्तराखंड को अपराधियों की पनाहगाह नहीं बनने देगी। पहले से ही सभी जिलों को अलर्ट कर दिया गया है।
यदि वह उत्तराखंड में दाखिल होता है तो बख्शा नहीं जाएगा। डीजी ने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उत्तराखंड में काफी समय से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के गैंग सक्रिय थे। मगर, पुलिस ने हर कदम पर उन्हें मात दी है।
पुलिस के नाम कुछ ऐसे रिकॉर्ड भी हैं जिनमें पंजाब और अन्य राज्यों के बदमाश भी यहां पकड़े गए हैं। वर्तमान में भी कुछ गैंग के लोग यहां सक्रिय होने की फिराक में रहते हैं, मगर पुलिस उनके हर मंसूबों पर पानी फेरती है।
कुछ सालों में यह भी देखने में आया है कि देहरादून और आसपास के कुछ इलाकों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बदमाश सक्रिय रहे थे लेकिन पुलिस ने उन्हें खदेड़ने में कामयाबी हासिल की है।
इसी तरह वर्तमान में भी इसको लेकर पुलिस सख्त है कि कोई बदमाश यहां पनाह नहीं ले सकता है। यही बात दुबे के प्रकरण में भी कही जाएगी। यदि वो यहां दाखिल होने में कामयाब होता है तो पकड़े जाने पर उसका हश्र भी वही होगा जो अन्य बदमाशों का हुआ है।