जैन मुनि वीडियो प्रकरण: खुद थाने पहुंची छात्रा, पुलिस को बताया 'गायब' होने का सच
पुलिस का सिरदर्द बनी एमटेक की लापता छात्रा शुक्रवार को नाटकीय ढंग से खुद ही थाने पहुंच गई। छात्रा ने जैन मुनि उपाध्याय नयन सागर महाराज पर लगे उसे अपहरण के आरोप पर पुलिस को सच बता दिया।
छात्रा ने अपहरण के आरोप को सिरे से नकारते हुए जैन मुनि को क्लीन चिट दे दी। छात्रा ने कथित वायरल वीडियो की हकीकत सामने आने तक अपने परिजन से जान का खतरा बताया। छात्रा ने पूछताछ में बताया कि वह पिंजौर गार्डन घूमने गई थी। इसके अलावा कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया।
न्यायिक मजिस्ट्रेट की कोर्ट ने छात्रा के बालिग होने के कारण उसे इच्छानुसार कहीं भी जाने की इजाजत दे दी। इधर, कोर्ट कैंपस से छात्र खुद ब खुद चली गई।
वायरल वीडियो में दिखाई दिए थे छात्रा और जैन मुनि
मुजफ्फरनगर के खतौली क्षेत्र के रहने वाले एक व्यक्ति ने बहादराबाद थाने में मुकदमा दर्ज कराया था कि उसकी बेटी क्षेत्र के एक कालेज में एमटेक की पढ़ाई कर रही है। और जूनियर छात्रा को पढ़ाती भी है।
28 जुलाई को उसकी बेटी बिना बताए कहीं चली गई ओर उसके दोनों मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ हैं।
परिजनों का आरोप था कि जैन मुनि उपाध्याय नयन सागर महाराज ने उनकी बेटी का अपहरण किया है। स्थानीय पुलिस ने जैन मुनि के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरु कर दी थी। इधर, एक वायरल वीडियो में जैन मुनि और छात्रा का में देखा गया। बताया जा रहा था मुजफ्फरनगर के आश्रम के वीडियो में जैन मुनि और छात्रा एक दूसरे के कमरे में आते जाते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद इस मामले ने तूल पकड़ा।
छात्रा का चल रहा तलाक का मुकदमा
एमटेक की छात्रा का तलाक का केस चल रहा है। इस बात की जानकारी अब सामने आई है। मुजफ्फरनगर में ही उसकी शादी हुई थी और अब उसका तलाक का मामला कोर्ट में विचाराधीन है।
पुलिस पूछताछ में छात्रा ने इस बात का खुलासा किया और कहा कि इस बात से वह तनाव में है। उसने पुलिस को भी दो टूक कहा कि वह बालिग है और कहीं भी आ जा सकती है। कोई उसके जीवन में दखल नहीं दे सकता।
थानाध्यक्ष मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि शुक्रवार की दोपहर छात्रा खुद ही थाने पहुंची। उसने बताया कि जैन मुनि ने उसका अपहरण नहीं किया है बल्कि वह खुद अपनी मर्जी से गई थी। बहन से 31 जुलाई को मोबाइल फोन पर उसकी बात हुई थी। वह बालिग है और अपनी इच्छा से गई थी। एसओ ने बताया कि छात्रा ने यह भी कहा कि जब तक वीडियो की हकीकत सामने नहीं आती है, तब तक उसे अपने परिजन से जान का खतरा है।