पंतनगर विश्वविद्यालय की जमीन पर बनेगा इंटरनेशनल ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट, कई देशों के लिए शुरू होगी हवाई सेवा
- दो चरणों में होगा निर्माण, लंदन, न्यूयार्क, दुबई, बैंकाक समेत कई देशों के लिए शुरू हो सकेगी हवाई सेवा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तराखंड में पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय की 1072 एकड़ जमीन पर ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट बनाया जाएगा। दो चरणों में एयरपोर्ट का निर्माण होगा। पहले चरण में रनवे का निर्माण और दूसरे चरण में एयरपोर्ट विस्तार किया जाएगा। अगले 50 सालों की हवाई सेवा की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट तैयार किया जाएगा।
सचिव पर्यटन व नागरिक उड्डयन दिलीप जावलकर ने बताया कि प्रदेश का पहला ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट ऊधमसिंह नगर जिले के पंत नगर में बनेगा। वर्तमान में पंत नगर एयरपोर्ट के आसपास पांच सौ से अधिक आवासीय भवन है और पांच से छह हजार की आबादी है।
इस कारण इसका विस्तार करना संभव नहीं है। नए ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट के निर्माण के लिए भूमि के विभिन्न विकल्पों में से पंत नगर विश्वविद्यालय की भूमि का चयन किया गया है।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा एयरपोर्ट
1072 एकड़ भूमि के विकल्प को एयरपोर्ट भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने निरीक्षण के बाद तकनीकी रूप से उपयुक्त पाया है। सचिव ने बताया कि ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। यहां पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी।
एयरपोर्ट में अधिकतम यात्री सुविधाओं को सुनिश्चित किया जाएगा। रिपोर्ट में एयरपोर्ट को पीपीपी मोड या जेवीसी के माध्यम से निर्मित करने का भी सुझाव दिया गया है। पंत नगर कृषि विश्वविद्यालय की 1072 एकड़ भूमि नागरिक उड्डयन विभाग को निशुल्क ट्रांसफर करने की मंजूरी सरकार से मिल गई है। एयरपोर्ट बनने के बाद यहां से लंदन, न्यूयार्क, दुबई, बैंकाक समेत कई देशों के लिए हवाई सेवा शुरू हो सकेगी।