लोस चुनाव को लेकर भारत-नेपाल बॉर्डर पर बढ़ी चौकसी, सुरक्षा एजेंसियों ने शुरू की पेट्रोलिंग
डीआईजी अजय जोशी ने कहा कि लोकसभा चुनाव नजदीक हैं, ऐसे में नेपाल बार्डर पर आपसी सहयोग से सुरक्षा व्यवस्था को चौकस रखें। इस मामले में चंपावत और ऊधमसिंह नगर जिले के पुलिस अधिकारी बार्डर पर तैनात एसएसबी, नेपाल और यूपी के अधिकारियों के साथ सुरक्षा के बिंदु पर गोष्ठी करेंगे। इस गोष्ठी में मिले सुझाव के आधार पर पुलिस अधिकारी सक्रिय असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर कार्रवाई कराएं।
डीआईजी ने शुक्रवार को कुमाऊं रेंज के कैंप कार्यालय में अपराध समीक्षा बैठक बुलाई थी। उन्होंने कहा कि रेंज से पुलिस अधिकारी चुनाव में लगने वाली फोर्स का आकलन करें और असामाजिक तत्वों के खिलाफ गुंडा एवं अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई करें। वर्तमान हालात को देखते हुए नेपाल बार्डर पर आपसी सहयोग से सुरक्षा व्यवस्था को चौकस रखना होगा।
रेंज में अपराध की स्थिति एवं कानून व्यवस्था के अलावा जिलों में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी वारंटों की तामील, थाने से मालों के निस्तारण पर जोर दें। उन्होंने निर्देश दिए कि वाहन दुर्घटनाओं की रोकथाम और नशा कर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई तेज करें, होली के दौरान असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के साथ ही प्रत्येक पुलिस अधीक्षक बैठक करें।
पिथौरागढ़ जिले के ओगला अस्कोट के चौकी प्रभारी प्रकाश चंद्र पांडेय ने चेकिंग के दौरान तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर पांच किलो 906 ग्राम चरस बरामद किया था। बड़ी कार्रवाई के लिए चौकी प्रभारी को परिक्षेत्र स्तर पर पुलिस मैन आफ द मंथ चुना गया। डीआईजी ने चौकी प्रभारी को प्रशस्ति पत्र के साथ 1000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया। हल्द्वानी डे हवालात में नियुक्त महिला कर्मी नंदी अधिकारी को भी बच्चों की बेहतर देखभाल के लिए सम्मानित किया गया।
वह डे हवालात स्थित मेस में जवानों के भोजनालय में भी सहयोग करती है। पुलिस से महिला अपराध के खिलाफ तेजी से कार्रवाई करने, लोकसभा चुनाव के मद्देनजर असामाजिक तत्वों पर वैधानिक कार्रवाई करने, निरोधात्मक कार्रवाई कर पाबंद कराने के निर्देश दिए गए। कहा कि हर्ष फायरिंग के मामले में पुलिस तत्काल कार्रवाई करे। छह माह में सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों के धन के मामले में भी कार्रवाई शुरू की जाए।
साइबर का डॉटा रेंज कार्यालय में भेजे
डीआईजी ने साइबर अपराधियों का डॉटा रेंज कार्यालय में भेजने के निर्देश दिए। कहा कि इस आधार पर पुलिस को कार्रवाई करने में आसानी होगी। बैठक में एसएसपी सुनील कुमार मीणा, ऊधमसिंह नगर के एसएसपी बरिंदरजीत सिंह, अल्मोड़ा के एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा, पिथौरागढ़ के एसपी रामचंद्र राजगुरु, चंपावत के एसपी धीरेंद्र गुंज्याल मौजूद थे।