अक्तूबर से शुरू होगा भारत को नेपाल सीमा से जोड़ने वाली टनकपुर-जौलजीबी सड़क निर्माण का काम
- अक्तूबर में शुरू होगा टनकपुर-जौलजीबी रोड का काम
- तीन साल से लटका है नेपाल सीमा से लगी सड़क का काम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नेपाल सीमा से लगी निर्माणाधीन टीजे (टनकपुर-जौलजीबी) मोटर मार्ग के दूसरे पैकेज में बरसात के बाद अक्तूबर से काम शुरू हो जाएगा। यह काम तीन साल से लटका हुआ था। पुराने ठेकेदार ही इस काम को पूर्व के अनुबंध की शर्त के मुताबिक करेंगे। अलबत्ता इससे पूर्व अलग-अलग अदालतों में चल रहे तीन मुकदमों को ठेकेदार की ओर से वापस लेना होगा।
भारत-नेपाल सीमा पर आधारभूत ढांचे को बेहतर करने के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 2015 में 135 किमी लंबे टीजे मार्ग को मंजूरी दी थी। लेकिन प्रस्तावित पंचेश्वर बांध के डूब क्षेत्र की स्थिति साफ नहीं होने से रोड को जौलजीबी के बजाय ठुलीगाड़ से रूपालीगाड़ (42.275 किमी) तक ही मंजूर किया गया। ठुलीगाड़ से चूका तक 17.875 किमी के पहले पैकेज में ही रोड कटिंग व डामर का काम पूरा हो गया। मगर चूका से रूपालीगाड़ तक का 24.40 किमी का 123 करोड़ रुपये की लागत के दूसरा पैकेज की निविदा में गड़बड़ी के आरोपों के चलते 25 अगस्त 2017 से काम बंद है।
अलबत्ता पिछले दिनों इस काम को शासन ने हरी झंडी दे दी है। पीआईयू (परियोजना क्रियान्वयन इकाई) के ईई राजेश पुनेठा ने बताया कि पुराने ठेकेदार दिलीप सिंह अधिकारी को फिर से यह काम दिया गया है। ठेकेदार 2016 के अनुबंध की शर्तों के आधार पर काम करेंगे। काम को पूरा करने के लिए ठेकेदार को समय दिया जाएगा। बरसात के चलते काम में होने वाली असुविधा की वजह से अक्तूबर से काम शुरू होगा। इससे पूर्व ठेकेदार को तीन अदालतों (चंपावत, देहरादून व उच्चतम न्यायालय) में चल रहे आर्बिटेशन से संबंधित मामले वापस लेने होंगे।
डबल लेन होगी सिंगल लेन रोड
टनकपुर-जौलजीबी मार्ग में बलतड़ी से झूलाघाट के 35 किमी के हिस्से में सिंगल लेन को डबल लेन तब्दील होगी। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इसे मंजूरी देते हुए राज्य सरकार को जल्द प्रस्ताव देने को कहा है। लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता सीपी सिंह ने बताया कि इस बावत अभी पत्र नहीं आया है। जैसे भी आदेश आएंगे, उसके अनुरूप आगे की कार्यवाही की जाएगी।
प्रतिरोध जारी रखेंगे विधायक फर्त्याल
टीजे रोड के 24.40 किमी के दूसरे पैकेज (चूका से रूपालीगाड़) में कथित गड़बड़ी के आरोप को उठाने वाले लोहाघाट के विधायक पूरन सिंह फर्त्याल सरकार के रवैये से अलग कदम उठाएंगे। विधायक का कहना है कि टीजे रोड के इस पैकेज में 2017 में हुई शासन की ही जांच में फर्जी प्रमाणपत्र के आधार पर निविदा लेने की पुष्टि हुई थी, जिसके बाद काम रुकने के साथ ही ठेकेदार और विभाग के कई अधिकारियों पर कार्रवाई भी हुई।
विधायक ने आरोप लगाया कि सितंबर 2019 में री-टेंडरिंग के काम में हीलाहवाली कर कई अफसरों ने ठेकेदार को फायदा पहुंचाने का प्रयास किया। फर्जी प्रमाणपत्र व री-टेंडरिंग में भी देरी पर कई अभियंताओं पर कार्रवाई की गई है। कहा कि वे अगले महीने होने वाले विधानसभा सत्र में इस मसले को उठाकर धांधली करने वाले को बेनकाब करेंगे।