सेंट्रल अस्पताल समेत चार मालिकों के ठिकानों पर आयकर टीम के छापे, मचा हड़कंप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आयकर विभाग की छह टीमों ने बृहस्पतिवार को सेंट्रल अस्पताल और अस्पताल के चार मालिकों के घरों में छापे मारे। छापे की यह कार्रवाई सुबह नौ बजे शुरू होकर देर रात तक जारी रही।
ये कार्रवाई देहरादून की इन्वेस्टिगेशन विंग की ओर से की गई। छापे की कार्रवाई गोपनीय रखी गई थी। बृहस्पतिवार को देहरादून की इन्वेस्टिगेशन विंग के सहायक निदेशक की अगुवाई में टीम नौ बजे सेंट्रल अस्पताल, सेंट्रल अस्पताल के मालिक संजय जुयाल, सुरेंद्र भुटयानी, गिरीश गुप्ता और रमेश शर्मा के आवास पर पहुंची।
टीमें देर रात तक वहां जमी रहीं। सूत्रों के मुताबिक एक टीम सेंट्रल अस्पताल के मालिक संजय जुयाल के पैतृक आवास अल्मोड़ा भी पहुंची। वहां भी टीम ने देर रात तक जांच की। छापे की इस कार्रवाई पर आयकर विभाग के अधिकारियों ने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।
पूरी कार्यवाही गोपनीय रखी
जानकारी के मुताबिक आयकर विभाग के अधिकारियों की टीम ने बुधवार को ही नैनीताल में डेरा डाल लिया था। हल्द्वानी से 30 गाड़ियां दो दिन के लिए किराए पर लीं गईं। बृहस्पतिवार की सुबह चार बजे 20 गाड़ियां हल्द्वानी कोतवाली पहुंचीं।
यहां से वह पुलिस टीम को लेकर नैनीताल गईं। नैनीताल से सुबह छह बजे पांच टीमें हल्द्वानी को निकलीं। एक टीम अल्मोड़ा को रवाना हुई। यह पूरी कार्यवाही इतनी गोपनीय रखी गई कि टीम के अधिकतर सदस्यों को भी यह अंदाजा नहीं था कि वे कहां-कहां छापा मारने के लिए जा रहे हैं।
टीम को नैनीताल रोड में रोका
पहले उन्हें काशीपुर में छापा मारने को कहा गया। इसके बाद टीम को नैनीताल रोड में रोका गया। इसमें से दो टीमों को रामनगर रोड से काशीपुर पहुंचने के निर्देश दिए गए। दो टीमों को रामपुर रोड के रास्ते में जाने को कहा गया। एक टीम तिकोनिया चौराहे में रोकी गई।
ठीक नौ बजे एक टीम सेंट्रल अस्पताल, दूसरी हिल्स व्यू कालोनी में संजय जुयाल के घर, तीसरी हिमालय फार्म स्थित सुरेंद्र भुटयानी के घर, चौथी कैनाल रोड स्थित रमेश शर्मा और पांचवीं टीम पालम सिटी स्थित गिरीश गुप्ता के आवास में पहुंची। टीम में शामिल सदस्यों ने यहां पहुंचते ही घरों के दरवाजे बंद कर दिए और परिवार के सभी लोगों के फोन ले लिए। देर रात तक परिवार के सदस्यों से पूछताछ की गई।