केदारनाथ धाम यात्रा की धीमी पड़ी रफ्तार, हेली कंपनियों ने भी शुरू की वापसी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केदारनाथ यात्रा की रफ्तार थमने के साथ ही हेली कंपनियों ने भी अपना बोरिया बिस्तर समेटना शुरू कर दिया है। यूटीयर कंपनी का हेलीकॉप्टर लौट चुका है। अगले चार दिनों में अन्य कंपनियां भी लौट जाएंगी। यात्रा में 16 मई से 23 जून तक 10 हेली कंपनियों के हेलीकॉप्टरों से 55,894 श्रद्धालुओं ने धाम पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन किए हैं।
नौ मई से शुरू हुई केदारनाथ यात्रा में इस वर्ष डेढ़ माह में ही 7 लाख 40 हजार श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। यात्रा में नौ हेली कंपनियों द्वारा 16 मई से हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की गई थी, जबकि दो कंपनियों को बाद में अनुमति दी गई।
जिला आपदा कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के नौ हेली कंपनियों के हेलीकॉप्टरों द्वारा 39 दिनों में गुप्तकाशी, सेरशी व फाटा के हेलीपैड से केदारनाथ के लिए 9704 शटल की गई, जिसमें 54204 श्रद्धालु केदारनाथ पहुंचे।
जबकि 41052 श्रद्धालु दर्शन कर लौटे। इसके अलावा 10 से 20 जून तक गढ़वाल मंडल विकास निगम के अधीन क्रिस्टल कंपनी के हेलीकॉप्टर द्वारा 301 शटल की गई, जिसमें 1690 श्रद्धालु केदारनाथ पहुंचे और 1715 वापस लौटे।
इधर, नोडल अधिकारी सुशील नौटियाल ने बताया कि अब यात्रा धीमी पड़ने से हेली कंपनियां भी वापस लौटने लगी हैं। 22 जून को यूटीएयर कंपनी लौट चुकी हैं। अगले चार दिनों में पवनहंस, हिमालयन हेली सहित अन्य कंपनियां भी वापस चली जाएंगी। अब सिर्फ थंबी एविएशन द्वारा ही आगामी पांच जुलाई तक हेलीकॉप्टर सेवा देने की बात कही गई है।