रुड़की: युवक ने गंगनहर में लगाई छलांग, सुसाइड नोट में परिवार पर लगाया उत्पीड़न का आरोप
- युवक की बाइक के पास पुलिस को पड़ा मिला सुसाइड नोट
- परिवार पर लगाया उत्पीड़न का आरोप, परिजनों को दी सूचना
विस्तार
उत्तराखंड के रुड़की में गणेशपुर के युवक ने गंगनहर में छलांग लगा ली। युवक को डूबता देख आसपास के लोगों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। सूचना मिलते ही पुलिस और जल पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे।
उन्होंने सर्च अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस के अनुसार, युवक की बाइक के पास सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने पिता पर परेशान करने का आरोप लगाया है।
बृहस्पतिवार सुबह करीब दस बजे एक युवक सोलानी पार्क के पास पहुंचा और अपनी बाइक गंगनहर किनारे खड़ी कर दी। इसके बाद उसने गंगनहर में छलांग लगा दी। यह देख आसपास के लोगों ने शोर मचा दिया।
आवाज सुनकर गंगनहर किनारे रहने वाले मोनू ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन युवक तेज बहाव में लापता हो गया। सूचना मिलते ही एसआई अंकुर शर्मा मौके पर पहुंचे और जल पुलिस के जवानों को लेकर गंगनहर में सर्च अभियान चलाया, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला।
पुलिस बाइक के पास पहुंची तो एक सुसाइड नोट मिला। इसमें उसने अपने पिता पर परेशान करने का आरोप लगाया। इसी वजह से यह कदम उठाने की बात लिखी है। एसआई अंकुर शर्मा ने बताया कि युवक की पहचान मोहित (19) पुत्र मेनपाल निवासी गणेशपुर, रुड़की के रूप में हुई है। बाइक उसके चाचा के नाम से रजिस्टर्ड है, जो हरियाणा के पानीपत में रहते हैं।