देहरादून: चारों सिद्धों के दर पर पहुंचे हरीश रावत, कहा- मैं सनातन धर्मी हूं, आस्था के साथ करता हूं पूजा-अर्चना
कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने सोमवार को प्रदेश के चारों सिद्धों के दर्शन और पूजा-अर्चना करने की। उन्होंने कहा कि ये चारों सिद्ध उत्तराखंड के रक्षक हैं और वह उनके प्रति श्रद्धा अर्पित करने पहुंचे हैं।
विस्तार
देहरादून में हरीश रावत ने कहा कि वह आज उत्तराखंड के चारों सिद्धों के दर्शन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि चारों सिद्धों को प्रदेश का रक्षक माना जाता है। हरीश रावत ने कहा कि वह वहां जाकर नमन करेंगे और पूजा-अर्चना करेंगे। उन्होंने खुद को सनातन धर्मी बताते हुए कहा कि हम पूजा-अर्चना करते हैं। हरीश रावत ने कहा कि चारों सिद्धों के प्रति उनकी आस्था है। उन्होंने इसी आस्था के तहत उनके दर्शन और पूजा करने की बात कही।
चुनाव से पहले शुरू हो जाता है सीबीआई और ईडी का खेल: रावत
इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने गंगा में दुग्धाभिषेक कर मां गंगा से आशीर्वाद लिया। प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। दिल्ली से नारसन होते हुए देहरादून की यात्रा के दौरान उन्होंने हरिद्वार में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि मेरी बड़ी ताकत कांग्रेस के कार्यकर्ता हैं। ओएसडी पर लगे आरोपों पर हरीश रावत ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले सीबीआई और ईडी का खेल शुरू हो जाता है। कुछ समय बाद समझ में आता है कि इसके पीछे क्या हो रहा था। कांग्रेस में इस्तीफे से जुड़े सवाल पर हरीश रावत ने कहा कि पार्टी का निर्णय सर्वोपरि है। वह जल्द ही राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि फिलहाल वह पार्टी के एक सिपाही हैं।
ये भी पढे़ं...बूढ़ी मां का सहारा थी तुलसी: आंखों के सामने बेदर्दी से कत्ल, 95 साल की मां चीखती रही- मेरी लाडली को बचा लो
इसके साथ ही हरीश रावत ने मीठीबेरी में पुल निर्माण का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि यहां पुल बन जाना चाहिए था, लेकिन अभी तक पुल का निर्माण नहीं हुआ है। उन्होंने सरकार से इस मामले पर ध्यान देने की मांग की। इस मौके पर पूर्व दर्जाधारी संजय पालीवाल, प्रदीप चौधरी, अशोक शर्मा, प्रदीप, वीरेंद्र रावत, रविश भटीजा, विक्रम खरोला, गुरजीत लहरी, समर्थ अग्रवाल, दीपक कपूर, दीपक टंडन, कपिल पाराशर, सतेंद्र प्रधान, मधुकांत गिरी, निशांत यादव आदि मौजूद रहे।